संवाद न्यूज एजेंसी
पूंडरी। फतेहपुर पूंडरी के बस स्टैंड के समीप स्थित पार्क में सफाई व्यवस्था ध्वस्त है। लाखों रुपये से बनाया गया यह पार्क अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है। विशेष रूप से देवी मंदिर पर लगने वाले विशाल मेले के दौरान यहां गंदगी का अंबार लग जाता है, जिससे यात्रियों को बैठने और विश्राम करने में भारी परेशानी होती है।
पार्क में कूड़े के ढेर और बदबूदार माहौल के कारण लोगों का वहां रुकना मुश्किल हो जाता है। स्थानीय लोगों की माने तो यह समस्या पुरानी है। इसी प्रकार पेस्टीसाइड मार्केट हुडा का पार्क भी बदहाली का शिकार है। शहरवासियों का कहना है कि यदि संबंधित विभाग ने इस ओर ध्यान ही नहीं देना था तो सरकार के लाखों रुपये खर्च क्यों करवाए गए।
कस्बावासियों का कहना है कि विधायक सतपाल जांबा नवंबर माह में इन पार्कों का निरीक्षण कर चुके हैं। विधायक ने लोगों को एक माह में इन पार्कों का सुंदरीकरण पेरिस की तर्ज़ पर करने की बात कह चुके हैं लेकिन लगभग पांच माह बीतने के बाद भी इन पार्कों का सुधारीकरण शुरू नहीं हो सका है।
स्थानीय निवासियों और यात्रियों ने प्रशासन से नियमित सफाई अभियान चलाने और सफाईकर्मियों की तैनाती की मांग की है। लोगों का कहना है
कि पार्क में कूड़ेदान लगाए जाएं और वहां उचित देखभाल की व्यवस्था हो, ताकि यात्रियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सके।
राजसिंह राणा ने बताया कि हुडा पेस्टीसाइड मार्केट पार्क बस स्टैंड के बिल्कुल पास है तथा पूंडरी पेस्टीसाइड मार्केट भी यहीं हैं। इस पार्क की प्रशासन ने पिछले लगभग 10 वर्षों से सुध तक लेना मुनासिब नहीं समझा।
सालों से पार्क की दुर्दशा जस की तस
मोहनलाल गोयल ने बताया कि कई सालों से पार्क की दुर्दशा जस की तस बनी हुई है। शिकायत करने पर प्रशासन आश्वासन देता है, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। सफाईकर्मियों की गैरमौजूदगी और अव्यवस्थित प्रबंधन के चलते पार्क कचरा स्थल में तब्दील हो गया है। लोगों को परेशानी होती है।
यात्रियों को हो रही असुविधा
अर्चना सैनी का कहना है कि पार्क में सफाई के अभाव में यात्रियों को बैठने और आराम करने में काफी दिक्कत होती है। विशेषकर बस का इंतजार करने वाले यात्री गंदगी और दुर्गंध के बीच समय बिताने को मजबूर हैं। कई लोगों ने प्रशासन के प्रति नाराजगी जताते हुए कहा कि यदि स्थिति नहीं सुधरी तो वे धरना प्रदर्शन करेंगे।
पार्क बना नशेड़ियों का ठिकाना
सुनील डोलिया ने बताया कि पूंडरी के ये पार्क नशेड़ियों के लिए सुरक्षित ठिकाना साबित हो रहे हैं। शरारती तत्वों की ओर से पार्क में शराब व अन्य प्रकार के नशे का प्रयोग किया जाता है। पूरे पार्क की व्यवस्था चरमराई हुई है। स्थानीय लोगों मांग है कि पार्क की ओर आलाधिकारियों को ध्यान देकर उसका रखरखाव करवाना चाहिए। नियमित सफाई अभियान चलाने और सफाईकर्मियों की तैनाती हो जाए तो व्यवस्था में सुधार हो सकता है। लोगों का कहना है कि शिकायतें तो की जाती है पर समाधान नहीं होता।