संवाद न्यूज एजेंसी
गुहला-चीका। एसडीएम कैप्टन प्रमेश सिंह समेत कई अफसर लगातार प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति का जायजा ले रहे हैं। एसडीएम ने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों के किसानों की समस्याओं का समाधान करवा रहे हैं।
शुक्रवार को उन्होंने भागल, भूंसला, रत्ताखेड़ा कड़ाम, सिहाली, पपराला, मोहनपुर, मैंगड़ा, बाउपुर, कमहेड़ी, खंबेहड़ा, सरोला, रत्ताखेड़ा लुकमान व बुबकपुर गांवों का दौरा कर किसानों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश दिए।
एसडीएम ने बताया कि कुछ गांवों के खेतों में पानी पहुंचा है, लेकिन आबादी सुरक्षित है। डीसी प्रीति के मार्गदर्शन में क्षेत्र की गहन निगरानी की जा रही है। ग्राम सचिव व पटवारी नियमित रूप से स्थिति की रिपोर्ट प्रशासन को दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मिट्टी से भरे कट्टे उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। सरोला साइफन की सफाई कर गाद व जलखुंबी निकाली जा रही है। घग्गर से लगते गांवों में जेसीबी व पोकलेन मशीनें 24 घंटे तैनात हैं, ताकि तटबंध कमजोर पड़ने पर तुरंत मरम्मत हो सके। कुछ गांवों के खेतों तक पानी पहुंचने से रत्ताखेड़ा कड़ाम से मोहनपुर जाने वाली सड़क सहित दो-तीन सड़कों पर पानी बह रहा है। प्रशासन ने रात्रि के समय ठीकरी पहरा लगाकर निगरानी बढ़ा दी है।