संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। अतिरिक्त अनाज मंडी के पास नई हाईटेक सब्जी मंडी विकसित की जा रही है। इसके लिए 11 एकड़ जमीन फाइनल की जा चुकी है। प्रथम चरण में छह एकड़ क्षेत्र को कवर करने का टेंडर हो चुका है और मिट्टी भराई का कार्य जारी है। नई मंडी में 48 दुकानें बनाई जाएंगी, जो वर्तमान में रेलवे स्टेशन के पास संचालित पुरानी सब्जी मंडी का विकल्प बनेंगी।
मौजूदा सब्जी मंडी एक एकड़ से भी कम क्षेत्र में चल रही है, जहां हर समय जाम, भीड़भाड़ और सफाई की समस्या बनी रहती है। भारी वाहनों की आवाजाही से लोगों को अक्सर जाम में फंसना पड़ता है। बरसात के दिनों में हालात और भी खराब हो जाते हैं। शहर के चांदनी चौक, सेक्टर-20 और चंदाना गेट पर भी छोटी-छोटी मंडियां चल रही हैं, जिनसे यातायात और व्यवस्था प्रभावित होती है।
नई सब्जी मंडी में तेजी से निर्माण कार्य हो रहा है। इसमें एक बड़ा कवर शेड, दो प्लेटफार्म, अंदरूनी सड़कों का निर्माण और बाउंड्री वॉल का काम शामिल है। अगले वर्ष तक यह परियोजना पूर्ण होने की संभावना है। आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह मंडी किसानों, आढ़तियों और सब्जी खरीदारों- सभी के लिए मॉडल मंडी साबित होगी।
उधर, इस संदर्भ में कैथल मार्केटिंग बोर्ड के कार्यकारी अभियंता सतपाल ने बताया कि पुरानी सब्जी मंडी भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में स्थित है, जहां जाम की समस्या बनी रहती है। नई मंडी जींद रोड स्थित अतिरिक्त अनाज मंडी के पास विकसित की जा रही है। कुल 11 एकड़ में निर्माण होगा, जिसमें से छह एकड़ में कार्य जारी है। नई मंडी बनने के बाद रेलवे स्टेशन के पास चल रही सब्जी मंडी को यहां शिफ्ट कर दिया जाएगा।
नई मंडी में विकसित की जा रही प्रमुख सुविधाएं
n
विशाल कवर शेड, ताकि बारिश या धूप में काम प्रभावित न हो।
n
दो बड़े लोडिंग-अनलोडिंग प्लेटफार्म।
n
अंदरूनी सड़कें, जिससे वाहनों की सुचारू आवाजाही सुनिश्चित होगी।
n
तेजी से बन रही बाउंड्री वॉल, सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए।
n
पार्किंग, पीने का पानी, शौचालय, रोशनी, सफाई आदि की पूरी व्यवस्था।
n
व्यवस्थित ढंग से आवंटित होने वाली 48 नई दुकानें।