वार्ड 25 में गली का उद्घाटन करते रणदीप सिंह सुरजेवाला। विज्ञप्ति
कैथल। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस महासचिव एवं सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने शहर के वार्ड 25, पंसारियां मोहल्ले में नवनिर्मित गली का उद्घाटन किया। उन्होंने शहर के समग्र विकास पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि लगभग 150 से ज्यादा सांसद कांग्रेस और अन्य दलों के हैं जिनसे विनम्रता और सद्भाव के साथ शहर के लिए संसाधन जुटाने की कोशिश लगातार जारी रहती है। उन्होंने आश्वासन दिया कि कैथल हलके के गांवों व शहर की तरक्की व विकास के लिए पैसे या संसाधनों की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
सुरजेवाला ने विशेष रूप से जोर देते हुए कहा कि ज्यादा संसाधन उन बस्तियों में लगाने चाहिए, जहां शहर के चारों तरफ मेहनतकश लोग आकर बसे हैं। उन्होंने वादा किया कि अप्रूव्ड-अनअप्रूव्ड का भेदभाव हरियाणा से हमेशा के लिए खत्म करेंगे। उन्होंने कहा कि कॉलोनाइजर जमीन काटकर चले जाते हैं और पीछे लोग बेबस रह जाते हैं जिससे हरियाणा का बड़ा हिस्सा मलिन बस्तियों में बदल रहा है। उन्होंने पुराने शहर के सरकारी दफ्तरों को बाहर शिफ्ट करने का सुझाव दिया ताकि उन जगहों पर पार्क और खुली जगहें बनाई जा सकें। नगर पार्षद वीनस गुप्ता, अनीश गुप्ता और समस्त वार्ड वासियों ने गली के उद्घाटन पर सुरजेवाला का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर प्रमोद कुमार, विनोद गर्ग, नवीन वर्मा, ओम प्रकाश और राजीव लाटका मौजूद रहे।
सफाई कर्मचारियों को भी दिया समर्थन
उद्घाटन कार्यक्रम के बाद सांसद रणदीप सुरजेवाला नगर परिषद कार्यालय भी पहुंचे, जहां सफाई कर्मचारी अपनी मांगों के लिए धरना दे रहे हैं। उन्होंने कर्मचारियों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को सुना और आंदोलन को अपना पूर्ण समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी शहर की स्वच्छता के असली सिपाही हैं और उनकी जायज मांगों को अनसुना नहीं किया जा सकता। सुरजेवाला ने कहा कि सच तो यह है कि पूरे हरियाणा में हमारे हजारों सफाई कर्मचारी भाई-बहन अपने अधिकारों के लिए आंदोलन कर रहे हैं। एक गरीब व्यक्ति किसी विरोध-प्रदर्शन में शामिल होने से पहले 10 बार सोचता है क्योंकि उनके पास समय, पैसा और संसाधन नहीं होते। फिर भी, हमारे गरीब सफाई कर्मचारी साथी लगभग एक महीने से विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं।
वार्ड 25 में गली का उद्घाटन करते रणदीप सिंह सुरजेवाला। विज्ञप्ति