संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। भाजपा शासन में कैथल में एक बार फिर विकास के नाम पर लापरवाही की पोल खुल गई है। कांग्रेस के युवा विधायक आदित्य सुरजेवाला ने आज चिल्ड्रन पार्क और विदक्यार झील का औचक निरीक्षण किया, जहां की बदहाली देखकर वे स्तब्ध रह गए। एक समय कैथलवासियों का गौरव बढ़ाने वाले ये लोकप्रिय पर्यटन स्थल आज भाजपा शासन की उदासीनता के कारण धूल चाट रहे’’ हैं। विधायक आदित्य सुरजेवाला ने इसे कैथल की सुंदरता पर ग्रहण’’ बताते हुए नगर परिषद अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान विधायक सुरजेवाला ने पार्क और झील की जर्जर स्थिति का जायजा लिया। चिल्ड्रन पार्क में फैली गंदगी, पीने के पानी की भयानक किल्लत, गंदे और जर्जर शौचालय, टूटी-फूटी लाइटें, जर्जर पैदल रास्ते, खराब झूले जैसी समस्याएं तो थी हीं, लेकिन विदक्यार झील का पानी पूरी तरह प्रदूषित हो चुका है। सफाई व्यवस्था का पूर्णतः अभाव होने से बच्चे यहां खेलने से डरते हैं, और परिवारों का आना-जाना लगभग बंद हो गया है।
सुरजेवाला ने कहा कि ये पार्क और झील कभी कैथल का अभिमान थे, जहां कैथलवासियों व हरियाणावासियों के लिए एक पर्यटक स्थल बन चुका था। रणदीप सिंह सुरजेवाला जी के नेतृत्व में कांग्रेस शासनकाल में यहां सब कुछ चकाचौंध था। स्वच्छता, सुंदरता और विकास का प्रतीक था लेकिन भाजपा के आने के बाद ये सुविधाएं धूल चाट रही हैं।
निरीक्षण के बाद पत्रकारों से बातचीत में आदित्य सुरजेवाला ने भाजपा सरकार और नगर परिषद सरकार पर सीधी चोट की। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार और नगर परिषद सिर्फ दिखावे के लिए फोटो खिंचवाती है, लेकिन विकास के नाम पर कैथल में कोई कार्य नहीं हो रहा। कांग्रेस शासन में कैथल सफाई और विकास के मामले में नंबर वन था, लेकिन आज शहर की चमक फीकी पड़ गई है।
निरीक्षण में मौजूद नगर परिषद के अधिकारियों को विधायक ने कड़ी हिदायत दी। उन्होंने निर्देश दिए कि गंदगी हटाई जाए, पीने का पानी उपलब्ध कराया जाए, शौचालयों की मरम्मत हो, लाइटें ठीक की जाएं, पैदल रास्ते मजबूत बनें, झूले सुधारे जाएं, झील का पानी साफ किया जाए और सफाई व्यवस्था को चाक-चौबंद किया जाए। ये सुविधाएं जल्द बहाल हों, वरना जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाएगी।