संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। हनुमान जन्मोत्सव की शुरुआत के साथ ही शहर के बाजारों में रौनक देखने को मिली। धार्मिक आस्था के इस पर्व को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। बाजारों में हनुमान जी से जुड़े पूजन सामग्री और सजावटी वस्तुओं की खरीदारी की गई।
शहर के मुख्य बाजारों तलाई बाजार, जनता मार्केट, मेन बाजार, भगत सिंह चौक स्थित दुकानों पर हनुमान जन्मोत्सव से संबंधित सामान सजाए गए हैं।हनुमान जी के मुखौटे, गदा, झंडे, तस्वीरें और अन्य धार्मिक सामग्री ने श्रद्धालुओं को ज्यादा आकर्षित कर रही है। खासकर बच्चों ने हनुमान जी का मुखौटा और गदा खरीदी।
वहीं, श्रद्धालु हनुमान जी के चढ़ावे के लिए सिंदूर, चमेली का तेल, नारियल और फूल-मालाएं खरीदते नजर आए। मान्यता है कि हनुमान जी को सिंदूर अत्यंत प्रिय होता है, इसलिए भक्त विशेष रूप से सिंदूर अर्पित करते हैं। कई श्रद्धालु अपने घरों और मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना की तैयारी की।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, हनुमान जन्मोत्सव के दिन व्रत, पूजा और भंडारे का विशेष महत्व होता है। इसी को ध्यान में रखते हुए लोग पहले से ही आवश्यक सामग्री जुटाने में लगे रहे। बाजारों में इस समय एक अलग ही भक्तिमय माहौल होता है।