ढांड। सिविल सर्जन कैथल डॉ. अशोक ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कौल में मंगलवार को डॉक्टरोंं को निर्देश दिए हैं कि मरीजों को हर प्रकार की दवाएं स्टोर से दी जाएं। स्टोर में दवाओं के समाप्त होने से पहले से ही उनकी सूची भेजकर उनकी पूर्ति करवाने का काम करें। इस मौके पर 24 क्षय रोगियों को पौष्टिक आहार बांटा गया।
इस मौके पर सीएमओ कैथल डॉ. अशोक ने कहा कि जनता की सेवा करना हमारा कर्तव्य है। उसमें किसी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं होगी। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने क्षय रोग के बारे में मरीजों से बातचीत की तथा उनके इलाज की संपूर्ण जानकारी हासिल की। क्षय रोग के मरीजों को कहा कि सरकारी अस्पताल में अपनी बीमारी का नियमित रूप से इलाज अवश्य करवाते रहें। इलाज के दौरान परहेज से संबंधित सावधानियां अवश्य बरतें।
इस दौरान सीएमओ ने प्रयोगशाला का निरीक्षण किया और क्षय रोग की जांच के लिए बनी लैब को प्रयोगशाला से अलग कमरे में शिफ्ट करने के लिए कहा। सीएमओ ने बताया कि रात सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कौल में रात के समय दो डॉक्टरों की नियमित रूप से ड्यूटी लगा दी गई है, जो बारी-बारी से रात के समय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बने क्वार्टरों में रहेंगे और जरूरत पड़ने पर इलाज के लिए अस्पताल में पहुंचेंगे।
इस अवसर पर जिला अक्षय रोग अधिकारी डॉ. संदीप बातिश, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. विकास भटनागर, डॉ. राकी शर्मा, डॉ. रमन सिरोही, डॉ. कुलेश्वर, सुरेंद्र कुमार, दीपक, धीरज, नरेश, जगरूप, राहुल भी मौजूद रहे।