कैथल। मेवात में हुए सांप्रदायिक दंगों की आंच कैथल तक पहुंच गई। हिंदू-मुस्लिम संप्रदायों के बीच दंगे भड़काने के प्रयास और भय का माहौल पैदा करने के आरोप में पुलिस ने कैथल में एक अज्ञात व्यक्ति पर केस दर्ज किया है। धार्मिक भावनाओं को भड़काने से संबंधित आरोपी की पोस्ट ट्विटर पर वायरल हुई थी।
पुलिस के मुताबिक, जवाहर पार्क में उसने अपने भाषण में यह विवादित बयान दिया था। थाना शहर पुलिस के ईएचसी विक्रम सिंह की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। विक्रम सिंह ने पुलिस को शिकायत दी कि वह शहर थाना में कार्यरत है।
दो- तीन व्यक्तियों ने उसे सूचना दी कि भगवा वस्त्र डाले एक व्यक्ति की दो अगस्त को जवाहर पार्क कैथल में मेवात दंगों को लेकर धार्मिक भावनाओं को भड़काने से संबंधित एक पोस्ट ट्विटर पर वायरल हो रही है। उसने अपने मोबाइल से ट्विटर पोस्ट खोलकर चेक की तो भगवा वस्त्र डाले व्यक्ति ने
मेवात दंगों को लेकर जवाहर पार्क कैथल में भाषण दिया।
आरोपी बोल रहा है कि आज भरी तैयारी में खुद लड़ो, लाठी, बल, भाले, बंदूक, बरछे और कुछ नहीं है तो थैले में पत्थर डालकर लेकर चलो। झंडे लेकर मत चलो, झंडा एक ही बहुत है, हथियार लेकर चलो। जब उसने सूचना देने वाले उन तीनों व्यक्तियों को भगवा वस्त्र डाले व्यक्ति के खिलाफ शिकायत देने को कहा तो वे तीनों अपनी मजबूरी जाहिर करते हुए वहां से चले गए।
भगवा वस्त्र डाले व्यक्ति ने जवाहर पार्क कैथल में हिंदू-मुस्लिम को लेकर विवादित भाषण देकर दोनों संप्रदायों को भड़काने व समाज में भय पैदा किया है। भगवा वस्त्र डाले व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। इस मामले में एसपी अभिषेक जोरवाल ने कहा कि इस संबंध में पुलिस को ट्विटर पर एक वीडियो वायरल होने की सूचना मिली थी। इसी के आधार पर केस दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।