कैथल। जिला नागरिक अस्पताल के कैदी वार्ड से सोमवार को एक हवालाती फरार हो गया। उसकी तबीयत खराब होने पर अस्पताल के वार्ड में दाखिल करवाया गया था। हवालाती के फरार होने की सूचना मिलते ही हड़कंप मच गया। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।
जेल उपाधीक्षक सुरेंद्र कुमार ने बताया कि लड़ाई-झगड़े के मामले में शक्ति नगर निवासी अमन को जेल भेजा गया था। उसे बुखार था। बुखार कम न होने के कारण उसे कोरोना की आशंका के चलते अस्पताल में दाखिल करवाया गया था। वहां से मौका मिलने पर कैदी वार्ड से वह फरार हो गया।
आरोपी को फरवरी माह में शहर के प्रताप गेट निवासी अलीमुद्दीन से मारपीट के मामले में गिरफ्तार किया था। आरोपी ने अपने साथी बिट्टू व लाडा के साथ मिलकर मारपीट की घटना को अंजाम दिया था। इसी मामले में वह न्यायिक हिरासत में था।
सिविल लाइन थाना प्रभारी सतीश कुमार के अनुसार बताया कि पुलिस ने सिविल अस्पताल से फरार हुए हवालाती अमन के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।