संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। करोड़ों रुपए की लागत से बनी गुहला–खरकां सड़क महज दो साल में ही जगह-जगह से उखड़ गई है। स्थानीय लोग लंबे समय से इसकी मरम्मत की मांग कर रहे थे। गुरुवार को ठेकेदार सड़क़ पर पेच वर्क करने पहुंचा तो ग्रामीणों ने लगाए जा रहे घटिया सामग्री पर आपत्ति जताई और काम रुकवाने की मांग की।
अगौंध निवासी राजपाल राणा, मनजीत सिंह, कुलदीप सिंह व रमेश कुमार ने आरोप लगाया कि ठेकेदार ने पहले निर्माण के समय ही घटिया सामग्री इस्तेमाल की थी और अब पेच वर्क में भी सिर्फ खानापूर्ति कर रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, पेच वर्क में तारकोल नाम मात्र का ही प्रयोग किया जा रहा है जिससे सड़क़ टिक नहीं पाएगी।
उन्होंने कहा कि ठेकेदार के पास रोड रोलर तक नहीं है, जिससे लगाए गए पेच ऊबड़-खाबड़ रह गए हैं। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि ठेकेदार घटिया काम को छिपाने के लिए सड़क़ को पराली व फूंस से ढक रहा है ताकि खराब सतह नजर न आए।
राजपाल राणा ने कहा कि गुहला क्षेत्र में बनी अधिकांश सड़कों में घटिया सामग्री का प्रयोग किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पीडब्ल्यूडी अधिकारियों और ठेकेदारों की मिलीभगत से सड़कों के निर्माण में भारी घोटाले हो रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की कि वे स्वयं संज्ञान लेकर गुहला क्षेत्र को टिकाऊ सड़कों की सौगात दें, ताकि रोज़ाना होने वाली दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
पेच वर्क के लिए बीसी की सामग्री ही लगाई जाती है। गुहला–खरकां रोड पर भी वही सामग्री उपयोग में ली जा रही है। लोगों की संतुष्टि के लिए तारकोल की मात्रा बढ़ाने और पेच को रोलर से दबाने के निर्देश दिए गए हैं। आगे से काम विभाग के जेई की निगरानी में करवाया जाएगा। -राममेहर सिंह, एसडीओ, पीडब्ल्यूडी विभाग, गुहला