केथल। गुहणा गांव में दूल्हे संजू रूहल ने अनूठी पहल की। कलायत खंड के जुलानी खेड़ा गांव में वीरवार को उसका विवाह था। शुक्रवार को विदाई के बाद संजू अपनी दुल्हन मोनिका को सजे-धजे ट्रैक्टर में बैठाकर जब अपने घर के लिए चला तो यह शादी इलाके में चर्चा का विषय बन गई। ट्रैक्टर चालक की सीट पर बैठे संजू करीब 20 किलोमीटर दूर जुलानी खेड़ा गांव से जब दुल्हन लेकर अपने गांव गुहणा पहुंचा तो उसके घर वालों के चेहरे खिल गए। उसने बताया कि वह किसान का बेटा है और इस नाते उसने धर्मपत्नी मोनिका को ट्रैक्टर से घर लाने का निर्णय लिया था। उसने बताया कि वह और उसकी पत्नी मोनिका स्नातक पास हैं और उन्होंने किसान परिवाराें की भलाई के लिए ही यह पहल शुरू की। संवाद