संवाद न्यूज एजेंसी
गुहला-चीका। धान का सीजन अभी अच्छी तरह से शुरू भी नहीं हुआ है कि चीका अनाज मंडी के फड़ और सड़कें धान के फूस से अंट गई हैं। मंडी में फूस के ढेर लगे रहने से किसानों को अपनी धान डालने के लिए जगह नहीं मिल रही, जबकि सड़कों पर बिखरे फूस के कारण दोपहिया वाहन चालकों की आवाजाही भी प्रभावित हो रही है।
संबंधित ठेकेदारों की ओर से फूस को उठाने का कार्य नहीं किया जा रहा है। मंडी में आढ़त का काम करने वाले आढ़ती रमेश, कृष्ण कुमार, राजेश और संदीप ने बताया कि मंडी में धान की तुलना में फूंस के ढेर अधिक हैं। फड़ पर फूस जमा होने से धान डालने में परेशानी होती है, वहीं हल्की हवा चलने पर यह फूस दुकानों के अंदर पहुंच जाता है, जिससे आढ़तियों, किसानों और मजदूरों के स्वास्थ्य पर विपरीत असर पड़ता है।
आढ़तियों ने मार्केट कमेटी प्रशासन से मांग की है कि ठेकेदार को तुरंत आदेश दिया जाए और अनाज मंडी से फूस को उठवाया जाए, ताकि मंडी में काम करने वाले किसानों और मजदूरों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
अनाज मंडी से भूसे का उठान निरंतर किया जा रहा है। बाकी बचे भूसे को भी एक-दो दिन में उठवाया जाएगा। आढ़ती, किसान और मजदूर किसी भी तरह की असुविधा का सामना नहीं करेंगे। -सतबीर राविश, मार्केट कमेटी सचिव, चीका