फोट खराद की दुकान पर मजदूरी करने वाले व्यक्ति के पुत्र को कबूतरबाजी माध्यम से अमेरिका भेजने के मामले में आरोपी को पुलिस चौकी प्रभारी एएसआई रामनिवास की टीम ने गिरफ्तार किया है।
एसपी लोकेंद्र सिंह ने बताया कि सोमदत्त निवासी फतेहपुर एक खराद की दुकान पर मजदूरी का धंधा करके गुजर बसर करता है, जिसकी दुकान पर संगरौली निवासी राजकुमार कई बार अपने खराद से संबधित निजी कार्य के लिए दुकान पर आता रहता था। उसे पता था कि सोमदत्त का पुत्र विदेश जाने की तैयारी कर रहा है। राजकुमार ने सोमदत्त को उसके लड़के अमनदीप को अमेरिका भेजकर सैटल करवाने के सब्जबाग दिखा कर 20 लाख रुपये में सौदा तय कर लिया। जिसके अनुसार 3 लाख रुपये नकदी पहले देनी थी तथा शेष रकम अमेरिका पहुंचने उपरांत देनी तय हुई। आरोपी द्वारा अमनदीप के दस्तावेज प्राप्त करके 22 मई 2019 को 3 लाख रुपये प्राप्त करके इसी दिन अमनदीप को दिल्ली से थाईलैंड भेज दिया गया। इसके बाद जून 2019 दौरान उसे मलेशिया की मार्फत मैक्सिको भेज दिया। जहां से उसे नाजायज तरीके द्वारा अमेरिका भेज दिया गया, जिसके दौरान आरोपी राजकुमार पीड़ित के पिता सोमदत्त से लाखों रुपये हड़प चुका था। सोमदत्त की शिकायत अनुसार उसके पुत्र को अमेरिका कारावास में रहने उपरांत 14 फरवरी 2020 को वापस भारत भेज दिया गया। पीड़ित के परिजन जब आरोपी से पैसे वापिस मांगने पहुंचे तो उसके द्वारा दिए गए एक-एक लाख रुपये के 2 चैक बाउंस हो गए। मामले की जांच चौकी पूंडरी प्रभारी एएसआई रामनिवास की अगुवाई में एएसआई सुरेश कुमार की टीम द्वारा करते हुए गांव संगरौली में दबिश देकर आरोपी राजकुमार को गिरफ्तार कर लिया गया, जिसके कब्जे से धोखाधड़ी पूर्वक हड़पी गई रकम में से 20 हजार रुपये नकदी बरामद कर ली गई।