संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। दिव्य ज्योति जागृति संस्थान की ओर से प्रोफेसर कॉलोनी में आयोजित संस्कार शाला कार्यक्रम में बच्चों को अच्छे संस्कारों से अवगत कराया गया। कार्यक्रम में आशुतोष महाराज की शिष्या साध्वी देवेंद्र भारती और साध्वी राजवीर भारती ने बच्चों को बताया कि बचपन ही जीवन की नींव रखने का महत्वपूर्ण समय है।
उन्होंने कहा कि बच्चों को सकारात्मक और दिव्य माहौल देना अत्यंत आवश्यक है, ताकि वे अच्छी आदतें अपनाएं और सुंदर संस्कारों में ढल सकें। उनका कहना था, “बचपन में जो माहौल मिलेगा, वैसा ही जीवन प्रभावित होगा। सुंदर जीवन अच्छे संस्कारों पर आधारित होता है।” साध्वी देवी ने बच्चों के उदाहरणों में ध्रुव, प्रहलाद, मीरा, शिवाजी जैसी महान विभूतियों का उल्लेख किया, जिन्होंने बचपन में अच्छे संस्कार और सकारात्मक माहौल पाने के कारण जीवन में महानता प्राप्त की। उन्होंने कहा कि वर्तमान युग को भी ऐसे महान व्यक्तित्वों की आवश्यकता है और इसलिए संस्कार शाला जैसे प्रयास आवश्यक हैं।