संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जिलेभर के कॉलेजों में मिशन एडमिशन के तहत प्रवेश प्रक्रिया जारी है। इसके तहत विद्यार्थियों की ओर से उच्चतर विभाग के पोर्टल पर स्नातक प्रथम वर्ष के लिए दाखिला लेने के लिए आवेदन किया जा रहा है। स्नातक में दाखिले के लिए पहली मेरिट सूची 19 जून को प्रदर्शित की जाएगी।
आरकेएसडी कॉलेज में स्नातक कोर्स में प्रवेश प्रक्रिया चल रही है। उच्चतर शिक्षा विभाग ने बुधवार शाम के समय प्रवेश प्रक्रिया की पूरी समय-सारणी जारी कर दी थी।
प्राचार्य डॉ. सत्यबीर मेहला ने बताया कि हमें स्नातक कोर्स से संबंधित सभी महत्वपूर्ण तिथियां प्राप्त हो चुकी हैं। प्राचार्य ने बताया कि ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि नौ जून है और छात्र अपने फॉर्म को 10 जून तक ऑनलाइन संपादित भी कर सकते हैं। 11 जून को उन फॉर्मों की सूची ऑनलाइन डाली जाएगी जिनमें कोई आपत्ति या त्रुटि पाई जाती है व 21 मई से 15 जून तक कॉलेज स्तर पर दस्तावेज़ सत्यापन की प्रक्रिया चलेगी।
प्रवेश प्रभारी डॉ. विकास भारद्वाज ने बताया कि ऑनलाइन दस्तावेज़ सत्यापन की प्रक्रिया के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया है और यह प्रक्रिया पंजीकरण के साथ-साथ ही संचालित की जाएगी। डॉ. भारद्वाज ने बताया कि अब तक लगभग 250 विद्यार्थियों ने आरकेएसडी कॉलेज पोर्टल पर 12 स्नातक पाठ्यक्रमों के लिए पंजीकरण कर लिया है।
इस मौके पर डॉ. एसपी वर्मा, डॉ. अशोक अत्री, डॉ. बबीता गर्ग, डॉ. शरद गौड़, डॉ. मणिका गुप्ता, प्रो. मीनू भुटानी, प्रो. हिमानी, गौरव और पंकज शर्मा हेल्प डेस्क पर छात्रों की सहायता कर रहे हैं।