संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। आयुर्वेद दिवस 2023-सेवा पखवाड़ा के उपलक्ष्य में आयुष हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर फतेहपुर, पीडल, नैना जडौला, शिमला, भाणा में निशुल्क चिकित्सा शिविर लगाए गए। यहां पर सैकड़ों लोगों के स्वास्थ्य की जांच के साथ ही लोगों को समझाया गया सबसे पहला सुख निरोगी काया को कहा जाता है इसलिए योग करके स्वस्थ बनें।
आयुष हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर फतेहपुर में ब्लॉक समिति के चेयरमैन अशोक कुमार ने मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए और शिविर का शुभारंभ किया। आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. किरनदीप ने आयुर्वेद का जीवन मे महत्व बताते हुए कहा कि जीवन को अगर दीर्घायु होने हेतु दिनचर्या, ऋतुचर्या व आयुर्वेद की उपयोगिता विषय पर जानकारी दी।
योग सहायक राज कुमार व विजय कुमार ने बच्चों के शारीरिक व मानसिक विकास के लिए योग संबधी जानकारी दी। आयुष हेल्थ एंड वेलनेस सैंटर पीडल में आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. विक्रमजीत ने नियमित योग की सलाह दी। गांव शिमला में आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी सुनीता ने लोगों के स्वास्थ्य की जांच की। आयुष योग सहायक वीरेंद्र कुमार ने बताया कि प्राणायाम सांसों पर ध्यान की क्रियाएं अहम भूमिका निभाती है। गांव भाणा में आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी सुशील कुमार ने बताया कि जीवन में स्वस्थ रहने के लिए दिनचर्या, ऋतु चर्या, आहार-विहार संबंधी नियमों का पालन करना चाहिए।
नैना में आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी ममता कश्यप ने लोगो को आसानी से सर्वसुलभ होने वाले पोषक आहार के बारे में जानकारी दी। जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. शशिकांत शर्मा ने बताया कि वीरवार को तितरम, गोहरा, प्यौदा, बरसाना, सिसमोर, रत्ताखेड़ा में शिविर लगेंगे। इस मौके पर चिकित्सा शिविर में कुसुम लता, नरेश योग, रामचंद्र शिमला, अजमेर सिंह भाणा सुमन देवी, नेहा, प्रकाशी, मीता और रीना भी उपस्थित रही।