कैथल। मकर संक्रांति के बाद अब शादियों का शुभ मुहूर्त शुरू होने जा रहा है। इसके लिए लोगों ने सारी तैयारी कर रखी है। बैंक्वेट हॉल की बुकिंग के साथ ही बड़ी संख्या में लोगों ने कार्ड भी छपवाकर वितरित कर दिए हैं, लेकिन इस पर अब महामारी का ग्रहण लग गया है। कोरोना संक्रमण के कारण शाम छह बजे के बाद तमाम प्रतिष्ठानों को बंद करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही शादी समारोहों में शर्तें और बंदिशें लागू की गई हैं। ऐसे में अब लोग इन समारोहों का या तो समय बदलवा रहे हैं या फिर पैलेस, बैंक्वेट हॉल, सामुदायिक केंद्रों और होटलों में की गई बुकिंग को रद्द करवाने के लिए मजबूर हो रहे हैं।
जानकारी के अनुसार कैथल शहर में ही 30 से ज्यादा पैलेस, बैंक्वेट हॉल, सामुदायिक केंद और होटलों में शादियों का बुकिंग होती है। जनवरी और फरवरी माह में इन स्थानों पर 300 से अधिक समारोहों का आयोजन होता है। इस बार भी समारोह स्थलों की बुकिंग के साथ लोगों ने तैयारी कर ली थी, लेकिन अब मजबूरी में या तो उसमें फेरबदल करना पड़ रहा है या फिर रद्द करना पड़ रहा है।
कारण कि अब शादी समारोहों में 100 से अधिक लोगों के शामिल होने की मनाही है। जबकि कई लोगों ने 500 या उससे भी अधिक कार्ड छपवाकर वितरित भी कर दिए हैं। अब वे मोबाइल पर कॉल, मैसेज और व्हाट्सएप मैसेज के जरिये सूचना देकर सगे संबंधियों को कार्यक्रम का समय अथवा स्थान बदलने की सूचनाएं दे रहे हैं। साथ ही अपनी मजबूरियां गिना रहे हैं।
गौरतलब है कि सुरक्षित हरियाणा महामारी अलर्ट के तहत सरकार व प्रशासन ने शाम छह बजे के बाद किसी भी तरह के प्रतिष्ठानों के खुलने पर रोक लगा रखी है। दिन में भी किसी सार्वजनिक स्थान पर 100 से अधिक लोगों के इकट्ठा होने पर मनाही है। कोरोना के चलते जारी किए गए इन आदेशों का स्पष्ट एवं विपरीत प्रभाव शादियों के सीजन पर देखने को मिल रहा है।