संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। कुराड़ गांव में महर्षि वाल्मीकि जयंती समारोह में बतौर मुख्य अतिथि महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री कमलेश ढांडा ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि द्वारा रचित रामायण महाकाव्य गौरवशाली संस्कृति को संजो रहा है। उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि की विचारधारा पर हमें मिलकर आगे चलने का संकल्प लेना होगा, ताकि सभ्य एवं विकसित समाज की रचना में अपना योगदान दे सकें।
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वो केंद्र-प्रदेश सरकार की योजनाओं का अधिक से अधिक फायदा लेने के लिए जागरूक बनें, तभी सबको मजबूत बनाने का संकल्प पूरा हो सकेगा। राज्यमंत्री कमलेश ढांडा ने आदिकवि महर्षि वाल्मीकि के चित्र पर पुष्प अर्पित किए। ढांडा ने कहा कि भारत ऋषि-मुनियों, संतों और महापुरुषों का देश है। भारत की भूमि पर अनेक महावीर एवं पराक्रमियों ने जन्म लेकर इस धरती का गौरव बढ़ाया है।
ढांडा ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने महापुरुषों की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए उनकी जयंतियों को राज्य स्तरीय तथा जिला स्तरीय कार्यक्रमों के माध्यम से मनाने की परंपरा चलाई है। उन्होंने गांव कुराड़ में हो रहे विकास कार्यों पर चर्चा की तथा नहर कालोनी के पास निर्माणाधीन वाल्मीकि चौपाल के अधूरे काम को पूरा करवाने के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की।
भाजपा एससी मोर्चा जिलाध्यक्ष डॉ ओमता राम, भाजयुमो प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य तुषार ढांडा, जयदेव अठवाल, जिला महामंत्री नरेश सजूमा, कलायत मंडल अध्यक्ष भारद्वाज वाल्मीकि, बालू मण्डल अध्यक्ष कपूरा जुलानीखेड़ा, रणधीर काला, सज्जन सिंह ने संबोधित किया।
जुलानी खेड़ा सरपंच नरेंद्र, सिनन्द सरपंच सोहन लाल, शिमला सरपंच रामचंद्र, हरिपुरा सरपंच सोहन, क्लासर सरपंच जगदीश, पूर्व मण्डल अध्यक्ष एवं सीएम विंडो एमिनेंट पर्सन राममेहर शर्मा, सतबीर, ऋषिपाल शास्त्री, रणधीर बूरा, मोतीलाल, जिले सिंह भुक्कल, बलदेव लौट, लाभ सिंह, श्याम लाल कल्याण, सलिंद्र चीका, हुसैन सिंह क्योड़क आदि मौजूद रहे।