संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जिले में लगातार हो रहे मौसम के बदलाव के बीच मंगलवार को दूसरे दिन भी सुबह ही धूप खिली, जिससे लोगों को राहत मिली। हालांकि ठंड का असर अभी बरकरार रहने की बात मौसम विभाग ने कही है। उसका पूर्वानुमान है कि बुधवार को बारिश संभव है। एक हफ्ते तक मौसम में यूं ही बदलाव दिखेगा।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के तहत बुधवार से फिर बारिश हो सकती है। इसमें आगामी 20 जनवरी तक मौसम ऐसा ही रहने की संभावना है। दो दिन से धूप खिलने के बाद न्यूनतम और अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी हुई है।
गौरतलब है कि पिछले कई दिन से लोग कड़ाके की सर्दी से जूझ रहे थे। सोमवार से धूप निकलना शुरू हुई है। इसके बाद मंगलवार को दिनभर खिली रही। धूप ने लोगों को ठंड से कुछ राहत तो जरूर दी। सुबह से ही लोग धूप सेंकते हुए नजर आए। इस मौसम में धूप एक राहत की किरण बनकर आई, लेकिन ठंड का प्रकोप थमता नजर नहीं आ रहा है। पिछले कुछ दिनों से पड़ रही जबरदस्त ठंड ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। ठंड का असर न केवल इंसानों पर बल्कि पशुओं पर भी पड़ रहा है। अब तक ठंड के कारण 70 के करीब गोवंश की मौत हो चुकी है। इससे स्थिति की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक ठंड का असर जारी रहेगा। हालांकि धूप निकलने के बाद बाजारों में चहल पहल देखने को मिली, जिससे की दुकानदारों के चेहरे भी खिले हुए नजर आए। गर्म कपड़ों की दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही देखने को मिली। वहीं दूसरी और शीत लहर का प्रकोप जारी है। ठंडी हवाओं के थपेड़ों ने लोगों की परेशानी को बढ़ा दिया।
मंगलवार को अधिकतम तापमान 18.05 व न्यूनतम तापमान 8.01 सेल्सियस दर्ज किया।
चौ. चरण सिंह कृषि विवि हिसार के अधीनस्थ कृषि विज्ञान केंद्र के मुख्य समन्वयक डॉ. रमेश चंद्र वर्मा ने बताया कि मौसम विभाग के पूर्वानुमान के तहत बुधवार से आगामी दो दिन तक बारिश की संभावना है, लेकिन इसके बाद फिर से मौसम साफ रहने का अनुमान रहेगा। उन्होंने यह भी बताया कि मंगलवार को अधिकतम तापमान 18.5 व न्यूनतम तापमान 8.1 सेल्सियस दर्ज किया गया है। मौसम विशेषज्ञ का कहना है कि आने वाले समय में मौसम फिर से करवट लेगा जिससे ठंड ओर बढ़ेगी। कोहरा बढ़ सकता है। ऐसे में सावधान रहने की जरूरत है क्योंकि तबीयत खराब हो सकती है।