संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। मकर संक्रांति पर्व पर मटौर में कई प्रतियोगिताएं हुईं। इसके अलावा सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से कलाकारों ने सबका मन मोह लिया।
गौरतलब है कि मटौर में यह पर्व सामूहिक तौर पर बहुत ही भव्य तरीके से आयोजित किया जाता है। गांव के बाबा संदोख दास स्टेडियम में बच्चों, युवा, युवतियों, महिलाओं व बुजुर्गों के बीच खेलों का आयोजन होता है। खाने पीने की व्यवस्था होती है और सब मिल कर नववर्ष का संकल्प लेते हैं।
मास्टर कुलदीप सिंह मौण ने बताया कि यह कार्यक्रम पिछले 11 वर्षों से हर साल मकर संक्रांति के दिन मनाया जाता है। कार्यक्रम का खर्च एक ही व्यक्ति उठाता है और उसके लिए भी उसे वर्षों की प्रतीक्षा करनी पड़ती है।
मौण ने बताया कि महिलाओं, युवतियों, युवाओं, बच्चों और बुजुर्गों के बीच में मटका रेस, नीबू रेस, रस्साकसी, म्यूजिकल चेयर, कबड्डी, बुजुर्गों और महिलाओं की 100 और 200 मीटर रेस प्रतियोगिताएं करवाई गईं।
इसके साथ साथ गांव मटौर के स्कूलों के बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं। किसी भी स्कूल में पढ़ने वाले मटौर के 10वीं व 12वीं कक्षा के टाॅपर्स को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम सांय चार बजे समाप्त हुआ और पूरा दिन स्टेडियम में सामूहिक तौर पर खाना पीना चलता ही रहा।
मौण से बताया की मकर संक्रांति पर्व कार्यक्रम में गांव में बसने वाली हर जाति वर्ग शामिल होता है। इस कार्यक्रम के आयोजन के पीछे गांव में आपसी प्रेम, सौहार्द व भाईचारे की भावना को बल देना है। इस बार के कार्यक्रम का पूरा खर्च अमेरिका में बसे सोनी व उनके परिवार की ओर से किया गया। प्रतियोगिताओं में अव्वल रहने वालों को श्रीतीर्थ के महंत बाबा सुमेरदास ने सम्मानित किया। बाबा सुमेरदास में युवाओं को नशों से दूर रहने व प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए जम कर तैयारी करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि श्रीतीर्थ मंदिर परिसर में परीक्षा की तैयारियों के लिए आधुनिकतम सुविधाओं के साथ लाइब्रेरी शुरू हो चुकी है। दोपहर का भोजन भी मिलता है।
कार्यक्रम में सत्तु प्रेमी, अशोक कुमार, बलबीर, कुलदीप पीटीआई, रमेश सरपंच, मनोज लेक्चरार, मनोज पीटीआई, रमेश मौण, गोवर्धन पहलवान, जगदीश, दलीप सिंह पूर्व जिला मौलिक शिक्षा अधिकार, पूर्व जिला खेल अधिकारी मनी राम, डाॅ. हरपाल, पाला राम आदि मौजूद रहे।