संवाद न्यूज एजेंसी
गुहला चीका। अनाज मंडी चीका में फूंस के बड़े-बड़े ढेर लगने से आढ़तियों और किसानों में रोष व्याप्त है। मंडी के अलग-अलग हिस्सों में ढेरों में घास भी उगने लगी है, जिससे मंडी में धान के ट्रकों को सही ढंग से उतारना मुश्किल हो गया है। इस पर आढ़तियों का कहना है कि मजबूरी में सड़कों पर धान डलवाना पड़ रहा है।
नाराज आढ़तियों का यह भी कहना है कि मंडी में 100 से अधिक धान की ट्रालियां रखी जा सकती हैं, लेकिन फूंस ने जगह को घेर रखा है। यदि इन ढेरों में आग लग गई तो नुकसान बड़ा हो सकता है क्योंकि मंडी शहर के बीचों-बीच स्थित है। इसके बावजूद प्रशासन और मार्केट कमेटी के अधिकारी गंभीर नहीं दिख रहे हैं।
मार्केट एसोसिएशन प्रधान कर्मचंद गर्ग ने बताया कि फूंस के ढेरों के कारण मंडी में किसानों, मजदूरों और आढ़तियों को काफी परेशानी हो रही है। मंडी छोटी होने के कारण पहले ही जाम की स्थिति रहती है, अब फूंस की वजह से स्थिति और खराब हो गई है। इसके अलावा पानी की निकासी की समस्या भी बनी हुई है। नालियां भरी हुई हैं और सफाई पर ध्यान नहीं दिया जा रहा।
मंडी से फूंस उठाने वाले ठेकेदार को कई बार नोटिस जारी किया जा चुका है, ठेकेदार ने नोटिस का जवाब दिया है। मंडी में लगे जाम की वजह से फूंस उठाने में देरी हो रही है। जल्द ही फूंस उठ जाएगा। - सतबीर राविश, मार्केट कमेटी सचिव चीका।
रात में धान उठाने वाले ट्रैकों की वजह से मंडी में रास्ता न होने के कारण मे फूंस को उठा नहीं पाया। मार्केट सचिव से बात हुई है कि रात 12 से 4 बजे तक फूंस उठाने का कार्य किया जाएगा ताकि परेशानी ना हो।
- विक्की अमलोह, फूंस ठेकेदार