नगर परिषद की ओर से सभी औपचारिकताएं पूरी करने और टेंडर प्रक्रिया संपन्न होने के बाद यह कार्य शुरू किया गया है। तकनीकी खामी के कारण टेंडर दो बार फ्रिज हो गया था जिसके कारण प्रक्रिया में करीब चार महीने की देरी हुई। इसके बाद मुख्यालय को पत्र भेजकर टेंडर को पुनः खोलने का अनुरोध किया गया। अनुमति मिलने के बाद प्रक्रिया आगे बढ़ी और अब काम धरातल पर शुरू हो चुका है।
इस काम को पूरा करने पर 46 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके तहत चयनित एजेंसी को केवल स्ट्रीट लाइटें बदलने का ही नहीं, बल्कि एक वर्ष तक उनके रखरखाव का भी जिम्मा सौंपा गया है। नगर परिषद का मानना है कि इससे लाइटों की गुणवत्ता और नियमित संचालन सुनिश्चित रहेगा और बार-बार खराब होने की समस्या में कमी आएगी।
600 से अधिक स्ट्रीट लाइटें लंबे समय से खराब
शहर में 600 से अधिक स्ट्रीट लाइटें लंबे समय से खराब पड़ी थीं। इनमें से कई लाइटें पिछले पांच से छह महीनों से बंद थीं। इसके कारण कई इलाकों में रात के समय अंधेरा छाया रहता था और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। लोगों की लगातार शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान लंबे समय तक नहीं हो पाया था जिससे लोगों में रोष था।
अंधेरे में सड़क हादसों की संख्या में हुई थी बढ़ोतरी
रामेश्वर फौजी, सुरजीत, मनफूल ने बताया कि स्ट्रीट लाइटें बंद होने से रात के समय सड़क हादसों का खतरा काफी बढ़ गया था। अंधेरे में बेसहारा पशु सड़क पर दिखाई नहीं देते थे जिसके कारण कई वाहन उनसे टकरा चुके हैं। इससे न केवल वाहनों को नुकसान हुआ बल्कि दुर्घटनाओं की आशंका भी लगातार बनी रही। कई जगह पर रात के समय सड़कें असुरक्षित हो गई थीं जिससे पैदल और वाहन चालकों दोनों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। 14 मई को करनाल रोड पर बाइक चालक डिफेंस कॉलोनी निवासी मंजीत बेसहारा पशु से भिड़ गया था। इससे उसके सिर पर काफी चोटें लगी थीं। अंधेरे में काले रंग का सांड दिखाई नहीं दिया था। 4 मई को न्यू करनाल रोड पर जाट सूरजमल खेल स्टेडियम के नजदीक कार काले रंग की गाय के साथ भिड़ गई थी।
यहां पर लाइटें सबसे ज्यादा खराब-
शहर के कई प्रमुख मार्ग लंबे समय से अंधेरे की समस्या से जूझ रहे थे। करनाल रोड, अंबाला रोड, जींद रोड, लघु सचिवालय के आसपास का क्षेत्र, पुराना बस अड्डा और नया बस अड्डा, छात्रावास रोड, भगत सिंह चौक, नगर परिषद क्षेत्र, मुख्य बाजार, शुगर मिल तक का इलाका व पुल के ऊपर का हिस्सा, भगत सिंह कॉलोनी पर सबसे ज्यादा अंधेरा छाया रहता है। एजेंसी की ओर से अगले सप्ताह तक लगभग खराब लाइटों को बदल दिया जाएगा।
खराब स्ट्रीट लाइटें बदल दी जाएंगी : वरुण कुमार
निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी खराब स्ट्रीट लाइटों को बदल दिया जाएगा। शहर की रोशनी व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त कर दिया जाएगा। सड़कों पर अंधेरा नहीं रहने दिया जाएगा।
वरुण कुमार, कार्यकारी अभियंता, नगर परिषद कैथल
न्यू करनाल रोड पर स्ट्रीट लाइट रिपेयर करता कर्मचारी। संवाद
न्यू करनाल रोड पर स्ट्रीट लाइट रिपेयर करता कर्मचारी। संवाद
न्यू करनाल रोड पर स्ट्रीट लाइट रिपेयर करता कर्मचारी। संवाद