कैथल। लघु सचिवालय के सभागार में सोमवार को नगराधीश गुरविंद्र सिंह ने आमजन की शिकायतें और समस्याएं गंभीरता से सुनीं। इस मौके पर उन्होंने लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए उपस्थित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे स्वयं शिविरों में मौजूद रहकर लोगों की शिकायतों का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित करें। नगराधीश ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि किसी भी शिकायत के निपटारे में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
समाधान शिविर सरकार के सुशासन के संकल्प को जमीनी स्तर पर लागू करने का एक प्रभावी माध्यम हैं, जिससे आम नागरिकों को त्वरित न्याय और प्रशासनिक सहयोग मिल रहा है। उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत को निर्धारित समय सीमा के भीतर प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाए, ताकि आमजन को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें। साथ ही उन्होंने लोगों से भी अपील की कि वे अपनी समस्याएं निर्धारित स्थान पर समाधान शिविरों में प्रस्तुत करें, ताकि उनका शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जा सके। गौरतलब है कि प्रत्येक सोमवार और वीरवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 तक समाधान शिविर में लोगों की समस्याएं सुनी जाती हैं।