संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। लघु सचिवालय के सभागार में वीरवार को आयोजित समाधान शिविर में उपायुक्त अपराजिता ने आमजन की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। समाधान शिविर के दौरान प्रताप गेट निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज करवाई कि नगर परिषद द्वारा उसकी प्रॉपर्टी आईडी में एक कॉलोनी में स्थित उसके खाली प्लॉट को कामर्शियल दर्शा दिया गया है।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए डीसी अपराजिता ने नगर परिषद के सचिव को सख्त निर्देश दिए कि मामले की तुरंत जांच कर नियमानुसार समाधान सुनिश्चित किया जाए। इसके अलावा समाधान शिविर में परिवार पहचान पत्र में आय ठीक करवाने, आयुष्मान कार्ड बनवाने सहित विभिन्न विभागों से संबंधित अन्य शिकायतें भी प्राप्त हुईं। कई शिकायतों का समाधान मौके पर ही कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों के शीघ्र निपटारे के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए। डीसी अपराजिता ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार प्रत्येक सोमवार और वीरवार को जिला व उपमंडल स्तर पर सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक समाधान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनकर उनका समयबद्ध समाधान करना है।
उन्होंने बताया कि समाधान शिविरों में आने वाली शिकायतों की निगरानी स्वयं मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी कर रहे हैं। आम नागरिक बिना किसी झिझक के समाधान शिविरों में पहुंचकर अपनी समस्याओं का निपटारा करवा सकते हैं। इस अवसर पर सीटीएम गुरविंद्र सिंह, बिजली विभाग के कार्यकारी अभियंता मुनीष कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
उपमंडल स्तर पर भी हो रहा समाधान शिविरों का आयोजन
एसडीएम अजय हुड्डा ने बताया कि समाधान शिविर में पहुंचने वाले प्रत्येक नागरिक की समस्या को गंभीरता से सुना जा रहा है और संबंधित विभाग के माध्यम से मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शिविर में आने वाली हर शिकायत को गंभीरता से लिया जाता है, ताकि प्रत्येक व्यक्ति को समय रहते समाधान शिविर का पूरा लाभ मिल सके। ऐसे में कोई भी नागरिक अपनी समस्या लेकर समाधान शिविर में पहुंच सकता है।