कैथल। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, हरियाणा के मुख्य अभियंता राजीव बातीश ने वीरवार को जिले में सीवरेज व सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) से संबंधित व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य सीवरेज व्यवस्था में सुरक्षा व संरक्षा उपायों, तकनीकी व्यवस्थाओं और फील्ड स्तर पर अपनाई जा रही कार्यप्रणाली का जायजा लेना रहा।
मुख्य अभियंता ने कैथल के मानस रोड स्थित एसटीपी, जींद रोड स्थित एसटीपी और कलायत स्थित एसटीपी का मुआयना किया। इस दौरान उन्होंने एसटीपी की कार्यप्रणाली, सीवरेज व्यवस्था और संबंधित परिसरों में उपलब्ध सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और अधिकारियों से आवश्यक जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीवरेज से संबंधित कार्यों के दौरान निर्धारित सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाए। फील्ड में कार्यरत कर्मचारियों के लिए आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध रहें और कार्य के दौरान सुरक्षा संबंधी निर्धारित प्रक्रियाओं का अनिवार्य रूप से पालन हो।
उन्होंने कहा कि सीवरेज व्यवस्था के संचालन और रखरखाव में तकनीकी दक्षता के साथ-साथ सुरक्षा को भी सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता ने एसटीपी व सीवरेज व्यवस्था से जुड़े तकनीकी पहलुओं की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने और किसी भी कमी को समय रहते दूर करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अधीक्षक अभियंता कृष्ण कुमार गिल, उप मंडल अभियंता गोपाल वेद, कनिष्ठ अभियंता रवि पुनिया और राहुल कैरों सहित विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।