संवाद न्यूज एजेंसी
पूंडरी। कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग हरियाणा एवं फल्गु मंदिर सुधार समिति के तत्वावधान में फल्गु तीर्थ पर तीन दिवसीय लोककला महोत्सव के दूसरे दिन शनिवार को लोकगायन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. रामपाल सैनी, कुलपति, चौ. रणबीर सिंह विश्वविद्यालय, जींद ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पद्यश्री महाबीर गुड्डू ने की। विशिष्ट अतिथि डॉ. ऋषिपाल, प्राचार्य, जनता कॉलेज कौल ने अतिथियों और कलाकारों का स्वागत किया। आयोजक समिति की ओर से अतिथियों का फूल माला, अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न से स्वागत किया गया।
लोकगायन कार्यक्रम की शुरुआत लोकगायक सुरेश भाणा ने फल्क ऋषि जी की वंदना से की। इसके बाद उन्होंने “मर्द व्यवहारी न सरता कोन्या” प्रस्तुत कर श्रोताओं का मन मोह लिया। लोकगायिका आरती जांगड़ा ने “घर मैं गंगा बहण लागरी” रागनी की प्रस्तुति दी, जिसे दर्शकों ने कई बार तालियों से सराहा। लोकगायक दिनेश किलोई ने “आपणी आपणी चलती के मै” और “दो दो दिन का खेल जगत मैं” प्रस्तुत किया, जिस पर दर्शकों ने उत्साहवर्धन किया।
सुप्रसिद्ध हरियाणवी लोकगायिका राजबाला बहादुरगढ़ ने “श्रद्धा करकै चालो भाइयो फल्गु जी पै जाणा” और “दशरथ राजा तन्नै वचन भरया था” जैसी रागनियों की प्रस्तुति दी, जिससे दर्शक खूब आनंदित हुए। लोकगायन कार्यक्रम की अन्य प्रस्तुतियाँ भी भक्ति और राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत रही। सानिया बहादुरगढ़ ने “सौ सौ पड़ै मुसीबत बेटा” की सराहनीय प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि डॉ. रामपाल सैनी ने हरियाणवी संस्कृति से ओतप्रोत महोत्सव के आयोजन के लिए विभाग और समिति को साधुवाद दिया और एक देशभक्ति की रागनी भी प्रस्तुत की। अध्यक्ष महाबीर गुड्डू ने कलाकारों की प्रशंसा करते हुए “गंगा जी तेरे खेत मै” प्रस्तुत की और लोकगायन संध्या के सुंदर आयोजन के लिए धन्यवाद व्यक्त किया। विशिष्ट अतिथि डॉ. ऋषिपाल ने कार्यक्रम में आमंत्रण देने और श्रोताओं के अनुशासन की प्रशंसा की।
फल्गु मंदिर सुधार समिति ने सभी अतिथियों, कलाकारों और श्रोताओं का धन्यवाद किया। कार्यक्रम का समापन दिनेश शर्मा ने तीसरे दिन के हास्य-मखौल और कवि सम्मेलन कार्यक्रम की जानकारी देने और विभाग के उपस्थित संदीप नैन का धन्यवाद व्यक्त करते हुए किया। कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य लोगों में इंद्रप्रस्थ अध्ययन केंद्र नई दिल्ली से प्रो. मोनिका सेठी, करनाल से अमित, दीपशिखा, सुबे सिंह, संजीव राणा, मास्टर रामकुमार, अजय राणा, हर्ष राणा, कपिल वर्मा, तरसेम शर्मा आदि शामिल रहे।