संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। एंटी व्हीकल स्टाफ ने फॉर्च्यूनर गाड़ी में 200 किलो 800 ग्राम डोडा पोस्त छोड़कर भागने वाले आरोपी मोहल खेड़ा निवासी गुरमेल सिंह को गिरफ्तार किया है। एंटी व्हीकल स्टाफ प्रभारी एसआई प्रदीप कुमार की टीम को यह सफलता मिली। पुलिस ने उसे पूछताछ के लिए आठ दिन के रिमांड पर लिया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 14 नवंबर 2024 को एंटी व्हीकल स्टाफ पुलिस टीम ने रात्रिकालीन गश्त के दौरान सूचना के आधार पर बढ़सीकरी बालू रोड पर वाहनों की निगरानी शुरु की गई। जहां कुछ समय बाद डिपर जलती एक गाड़ी आती दिखाई दी।
पुलिस टीम की ओर से गाड़ी को रुकने का इशारा किया तो फॉर्च्यूनर गाड़ी में सवार चालक व उसका अन्य साथी गाड़ी को मौके पर छोड़कर धुंध व अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग गए थे।
जांच के दौरान गाड़ी में लदे 10 प्लास्टिक कट्टों से 203 किलो 410 ग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ। कलायत थाने में यह केस दर्ज करके आगामी जांच दौरान खुलासा हुआ था कि नशा तस्करी में आरोपी गुरमेल शामिल था जो मौके से भाग गया था।
आरोपी नशा तस्करी के किसी अन्य मामले में जींद जेल में बंद था, उसकी इस मामले में गिरफ्तारी के लिए न्यायालय की माध्यम से प्रोडक्शन वारंट जारी करवाए गए थे। आरोपी को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर गिरफ्तार कर लिया गया। व्यापक पूछताछ के लिए पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर आठ दिन के रिमांड पर लिया है।