संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। सीआईए-वन पुलिस ने महिलाओं को लिफ्ट देने के बहाने उनके कानों की बालियां और गहने छीनने के दो मामलों में वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को बुधवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने कैथल में इस तरह की दो वारदातों को अंजाम दिया था। यही नहीं, उसके खिलाफ जिले में चोरी और छीना-झपटी के करीब आठ आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं, जिनमें वह पहले भी गिरफ्तार हो चुका है।
पहली वारदात : जिला जींद के गांव पाजू कलां निवासी महिला शकुंतला ने शिकायत दी थी कि 16 जुलाई को वह कलायत जाने के लिए कैथल बस स्टैंड पर खड़ी थी। तभी बाइक पर आए एक युवक ने उसे लिफ्ट देने का बहाना बनाया और कहा कि वह भी कलायत जा रहा है।
महिला उसके साथ बाइक पर सवार हो गई। जब वे फ्रांसवाला रोड पहुंचे, तो युवक ने महिला को बाइक से उतारकर उसके कानों की बालियां और गले से ओम का लॉकेट झपट लिया और इसके बाद भाग निकला। इस संबंध में थाना सिविल लाइन में केस दर्ज किया गया था।
दूसरी वारदात : इसी तरह की दूसरी शिकायत पूंडरी निवासी राजेश कुमार ने दी थी। उसके अनुसार, 21 जुलाई को उसकी सास कला देवी, निवासी निसिंग, ब्रह्मानंद चौक ढांड से बस पकड़ने के लिए निकली थीं। वहीं एक अज्ञात बाइक सवार ने उन्हें लिफ्ट दी और जब वे सिरसा ब्रांच नहर पुल, फतेहपुर के पास पहुंचे, तो आरोपी ने महिला को उतारकर उनके कानों की बालियां झपट लीं और भाग गया। इस मामले में थाना पूंडरी में मामला दर्ज किया गया था।
आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी
जांच के निर्देश एसपी आस्था मोदी द्वारा सीआईए-वन टीम को दिए गए थे। जांच के दौरान प्रभारी एसआई जसवंत सिंह के नेतृत्व में टीम ने खरौदी गांव निवासी आरोपी बंटी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने दोनों वारदातों को कबूल किया है। बुधवार को आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से पुलिस ने उसका दो दिन का रिमांड हासिल किया है। पुलिस अब उससे अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।