संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। इकनॉमिक सेल ने कनाडा भेजने के नाम पर 53 लाख रुपये की ठगी के एक मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मंगलवार को आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया।
इकनॉमिक सेल के एएसआई रणधीर सिंह की टीम ने जांच के दौरान गांव बुबकपुर निवासी हरकीरत को गिरफ्तार किया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि खरकां निवासी भजन सिंह ने शिकायत दी थी कि वह अपने भाई सतवंत सिंह को विदेश भेजना चाहता था। इसी सिलसिले में फरवरी 2024 में उसकी मुलाकात हरकीरत से हुई। आरोपी ने उसे भरोसा दिलाया कि वह उसके भाई को कनाडा भेजकर वहीं सैट करवा देगा। हरकीरत की बातों में आकर भजन सिंह ने उसे अलग-अलग समय पर कुल 53 लाख रुपये दे दिए। लेकिन बार-बार आश्वासन देने के बावजूद जब आरोपी ने उसके भाई को विदेश नहीं भेजा, तो शिकायतकर्ता ने अपनी रकम वापस मांगी। इस पर आरोपी ने उसे 30 लाख रुपये के दो चेक दिए, जो बैंक में जमा करने पर बाउंस हो गए।
आरोप है कि जब वह दोबारा पैसे मांगने गया तो आरोपी के पिता अमीर सिंह और उसकी पत्नी बलजिंद्र कौर ने उसके साथ गाली-गलौच की। मामले में थाना गुहला में केस दर्ज किया गया था।
पुलिस ने बताया कि आरोपी हरकीरत किसी अन्य मामले में पहले से ही कैथल जेल में बंद था। इसी मामले में उसकी गिरफ्तारी के लिए अदालत से प्रोडक्शन वारंट जारी करवाया गया। अब उससे गहन पूछताछ के लिए तीन दिन का पुलिस रिमांड लिया गया है।