कैथल। पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा में उम्मीदवार के स्थान पर सीटर बैठाकर परीक्षा दिलवाने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। शनिवार को उसे तीन दिन के रिमांड पर लिया गया। एसपी मकसूद अहमद ने बताया कि हरियाणा पुलिस भर्ती परीक्षा में उम्मीदवार के स्थान पर सीटर बैठाकर परीक्षा दिलवाने वाले करीब 26 वर्षीय आरोपी जाखौली निवासी जितेंद्र को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी ने पूछताछ के दौरान कबूल किया है कि उसने मुख्य आरोपी छात्तर निवासी संजय के जरिये सीटर बैठाकर एक उम्मीदवार की परीक्षा दिलवाई थी। उम्मीदवार के बारे में आरोपी से रिमांड के दौरान पूछताछ की जाएगी। बता दें कि इस मामले में इनामी आरोपी अलीपुरा निवासी प्रवीन उर्फ बिल्ला, छात्तर निवासी संजय, संदीप, जामनी निवासी अशोक, सराय प्रयाग उत्तर प्रदेश निवासी राहुल उर्फ सुमित गौतम और अश्वनी प्रताप सिंह, बेलरखा निवासी रविंद्र, धमतान साहिब गोपाल, सेढा माजरा निवासी मनीष व जाखौली निवासी शुभम व गुरमीत को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस अन्य आरोपियों की भी तलाश कर रही है।