कैथल। आईटीआई बूथ पर शाम छह बजे वोटिंग खत्म होने के बाद फर्जी वोट को लेकर हुई कहासुनी के बाद हुड़दंग हो गया। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर स्थिति पर कंट्रोल किया।
जानकारी के अनुसार आईटीआई में वोटिंग के समय एक पार्टी के एजेंट ने फर्जी वोटिंग को लेकर एतराज जताया, जिस पर वोट डलवाने आए व्यक्ति को छोड़ दिया गया। इसके बाद शाम को छह बजे वोटिंग समाप्त होने के बाद दोनों ही गुट जब बाहर आए तो फिर से इनमें कहासुनी हुई। जिस पर एक गुट के व्यक्ति को दूसरे गुट के व्यक्ति ने थप्पड़ मार दिया। जिस कारण विवाद बढ़ गया। इसके बाद दोनों पार्टियों के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। विवाद बढ़ता देख पुलिस पार्टी मौके पर पहुंची। लेकिन इसी बीच कुछ लोगों ने पुलिस पर भी पथराव कर दिया। विवाद के चलते मौके पर तनाव की स्थिति पैदा हो गई तथा विवाद को देखने के लिए भारी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। जिस पर पुलिस बल ने मौके पर पहुंच कर हल्का बल प्रयोग कर स्थिति पर काबू पाया।
सिविल लाईन एसएचओ अंग्रेज सिंह ने बताया कि वोटिंग के दौरान युवकों की कुछ कहासुनी थी। वोटिंग खत्म होने के बाद कुछ युवकों ने पथराव करना आरंभ कर दिया। जिन्हें मौके से हटा दिया गया।