संवाद न्यूज एजेंसी
गुहला चीका। गुहला के पूर्व विधायक कुलवंत बाजीगर ने बताया कि लंबे समय से जर्जर हालत में पड़ी गुहला-भाटियां सड़क के स्पेशल रिपेयर कार्य को लेकर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। इस परियोजना के टेंडर 26 दिसंबर को खोले जाएंगे। सड़क के विशेष मरम्मत कार्य पर लगभग 2 करोड़ 47 लाख 82 हजार रुपये की अनुमानित लागत आएगी। कार्य पूरा होने के बाद क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा।
उन्होंने बताया कि क्षेत्रवासियों द्वारा लंबे समय से सड़क मरम्मत की मांग की जा रही थी। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद कार्य आवंटन होते ही सड़क का विशेष मरम्मत कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
इसके अलावा पीडब्ल्यूडी कॉलोनी गुहला में स्टाफ क्वार्टरों के निर्माण कार्य के लिए भी 26 दिसंबर को टेंडर खोले जाएंगे। इस परियोजना पर लगभग 3 करोड़ 46 लाख 81 हजार रुपये की लागत प्रस्तावित है। क्वार्टरों के निर्माण से विभागीय कर्मचारियों को आवास की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।
पूर्व विधायक ने बताया कि पीडब्ल्यूडी गुहला कार्यालय की नई बिल्डिंग के निर्माण के लिए भी 26 दिसंबर को टेंडर प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इस कार्य पर करीब 1 करोड़ 93 लाख 29 हजार रुपये खर्च होने का अनुमान है। कार्यालय भवन बनने से आम जनता को विभागीय कार्यों में सुविधा मिलेगी और कर्मचारियों को भी बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध होगा।