संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। पुलिस की टीमों ने कलायत के कैंची चौंक व अनाज मंडी कलायत, कौलेखां, कुराड़, ढुढंवा, लांबा खेड़ी व सरकारी स्कूल खरौदी में विद्यार्थियों व आमजन को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी दी।
टीम में एसआई कर्मबीर सिंह, एएसआई ओमप्रकाश, एचसी सुनील कुमार, महिला सिपाही रितु व होमगार्ड शमशेर सिंह शामिल रहे। एसपी राजेश कालिया ने कहा कि नशा मुक्त अभियान तहत जिला को नशा मुक्त बनाने के लिए पुलिस प्रशासन लगातार प्रयासरत है। नशे का सेवन व्यक्ति के शरीर के लिए तो हानि कारक है। इसके साथ में यह अपराध करने का मुख्य कारण भी बनता है।
उन्होंने लोगों को समझाते हुए कहा कि जो व्यक्ति नशा करने लग जाता है वह पैसे ना होने पर अपराधिक वारदातों को अंजाम देने शुरू कर देते हैं। युवा वर्ग नशे से दूर रहकर पढ़ाई के साथ खेलों में हिस्सा लेकर जीवन को सवारें। खेल हमें नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करते है।
उन्होंने कहा कि नशा शौक से शुरू होकर मौत तक ले जाता है। इससे गंभीर बीमारियां हो जाती हैं। इससे हमारा परिवार भी परेशान होता है। बीमारी के इलाज में बड़ी रकम खर्च होती है। नशा करने से समाज में इज्जत भी नही रहती। जीवन में किसी लक्ष्य को प्राप्त करना है तो सबसे पहले नशे से दूर रहना होगा।