ढांड। चंदलाना स्थित आर्य पब्लिक स्कूल में सीबीएसई के सौजन्य से कला समेकित शिक्षा विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला हुई। इसमें जिलेभर से 60 शिक्षकों ने भाग लिया। शिक्षकों को कला समेकित शिक्षा की विभिन्न तकनीकों की जानकारी दी गई।
कार्यशाला का शुभारंभ प्राचार्य निर्मल दहिया, रिसोर्स पर्सन सुनीता अहलावत और मोहित ने किया। रिसोर्स पर्सन मोहित ने बताया कि कला आधारित गतिविधियों से विषयों की जटिल अवधारणाएं आसानी से समझाई जा सकती हैं। सुनीता अहलावत ने कला समेकित शिक्षा का महत्व बताया। उन्होंने कहा कि यह पद्धति विश्लेषणात्मक सोच, चिंतन और रचनात्मकता बढ़ाती है। इससे बच्चों में नैतिक मूल्यों और सामाजिक समझ का विकास होता है। प्राचार्य निर्मल दहिया ने बताया कि सीबीएसई नियमों के अनुसार प्रत्येक शिक्षक के लिए 50 घंटे का प्रशिक्षण अनिवार्य है।