संवाद न्यूज एजेंसी
ढांड। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ढांड में 12वीं कक्षा की छात्रा से छेड़छाड़ और अश्लील हरकत करने के आरोप में गणित प्राध्यापक के खिलाफ पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। उधर, शिक्षक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर नाराज ग्रामीणों ने हाईवे पर जाम लगा दिया। पुलिस के समझने पर करीब एक घंटे बाद वे माने।
छात्रा के पिता की शिकायत के अनुसार, छात्रा ने करीब 10 दिन पहले स्कूल की एक महिला अध्यापक को भी मामले की जानकारी दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। 13 अगस्त को आरोपी शिक्षक ने छात्रा के साथ फिर अश्लील हरकत की और अनुसूचित जाति से संबंधित आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए उसे धमकाया।
मामले की जानकारी मिलने के बाद छात्रा के परिजन स्कूल पहुंचे, जहां उन्होंने आरोपी शिक्षक के साथ मारपीट कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे कुछ अन्य शिक्षकों को भी चोट लगने की बात सामने आई है। हालांकि, इस संबंध में किसी शिक्षक की ओर से पुलिस को शिकायत दिए जाने की जानकारी नहीं है।
उधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण स्कूल के बाहर एकत्रित हो गए। इसके बाद उन्होंने स्कूल के मुख्य गेट के सामने करनाल-पटियाला हाईवे पर जाम लगाकर धरना शुरू कर दिया। जाम से हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। भारतीय किसान यूनियन के युवा प्रदेशाध्यक्ष राजीव आर्य ढांड के नेतृत्व में ग्रामीणों ने स्कूल प्रबंधन और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
सूचना मिलने पर ढांड थाना प्रभारी शक्ति सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को जाम खोलने के लिए समझाया। ग्रामीण आरोपी शिक्षक की गिरफ्तारी और उसे निलंबित करने की मांग पर अड़े रहे। डीएसपी सुशील कुमार भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार और ग्रामीणों से बातचीत की तथा कानून के अनुसार ठोस कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद करीब एक घंटे बाद ग्रामीणों ने जाम खोला।
महिला अध्यापक को दी थी शिकायत
पुलिस को दी शिकायत में छात्रा के पिता ने बताया कि उनकी बेटी राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ढांड में 12वीं कक्षा में पढ़ती है। शिकायत के अनुसार, स्कूल का गणित प्राध्यापक छात्रा के साथ लैब में छेड़छाड़ और अश्लील हरकतें करता था। छात्रा ने विरोध किया और महिला अध्यापक को जानकारी दी। पिता का आरोप है कि जानकारी देने के बावजूद करीब 10 दिन तक स्कूल स्तर पर कोई कार्रवाई नहीं की गई।
डीएसपी हेडक्वार्टर करेंगे मामले की जांच
ढांड थाना प्रभारी शक्ति सिंह ने बताया कि आरोपी शिक्षक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच डीएसपी हेडक्वार्टर सुशील कुमार करेंगे। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी। दूसरी ओर स्कूल प्रिंसिपल का अतिरिक्त कार्यभार संभाल रहे वीरेंद्र शर्मा ने बताया कि मामला शुक्रवार को ही उनके संज्ञान में आया है। उन्होंने कहा कि विभागीय उच्चाधिकारियों को मामले की सूचना दे दी गई है।