संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। साइबर जागरूकता माह के अवसर पर अंबाला रोड स्थित हारट्रोन एडवांस्ड स्किल सेंटर, कैथल में एक विशेष साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व करते हुए थाना साइबर क्राइम के एसएचओ पीएसआई शुभ्रांशु ने जागरूकता का मंत्र देकर युवाओं को साइबर अपराध से बचाव के गुर सिखाए।
पुलिस टीम ने विद्यार्थियों और स्टाफ को साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों, अपराधियों द्वारा अपनाए जाने वाले नए तरीकों और सुरक्षित रहने के उपायों से अवगत कराया। एसएचओ शुभ्रांशु ने बताया कि डिजिटल युग में अपराधी सोशल मीडिया, फर्जी लिंक, बैंकिंग फ्रॉड, ओटीपी शेयरिंग, लोन ऐप, स्क्रीन शेयरिंग, फिशिंग ईमेल और नौकरी या इनाम के लालच का इस्तेमाल कर आमजन को निशाना बना रहे हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि किसी भी अनजान कॉल, लिंक, मैसेज या ऐप पर भरोसा न करें, और निजी जानकारी जैसे एटीएम डिटेल, आधार नंबर, बैंक पासवर्ड या ओटीपी किसी के साथ साझा न करें। मजबूत पासवर्ड और टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन का उपयोग करें, सोशल मीडिया पर गोपनीयता सेटिंग्स मजबूत रखें, और संदिग्ध गतिविधि होने पर तुरंत पुलिस से संपर्क करें। साइबर अपराध होने पर राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1930 या साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज करने की जानकारी भी दी गई। इस अवसर पर हारट्रोन स्किल सेंटर के हेड डॉ. बलविंद्र ढुल, चीफ कोऑर्डिनेटर पंकज आत्रेय आदि उपस्थित रहे।