कैथल। ओएसडीएवी पब्लिक स्कूल में सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) शिविर का शुक्रवार को अंतिम दिन रहा। दिन की शुरुआत में स्वयंसेवकों को योगाचार्य रामचरण ने योगाभ्यास करवाया। इसके बाद प्राध्यापक अजय दुआ ने स्वयंसेवकों को व्यक्तित्व विकास करने के तरीके बताए। प्रधानाचार्या अंजू तलवाड़ ने बताया कि शिविर में स्वयंसेवकों ने आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान चलाया, स्लम एरिया में जाकर जरूरतमंद परिवारों को गर्म कपड़े, आवश्यक घरेलू सामग्री एवं खाद्य पदार्थ वितरित किए। इसके अतिरिक्त स्वयंसेवकों ने विद्यालय परिसर में पौधों की नियमित सिंचाई की और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाई। साथ ही कार्यक्रम में स्वयंसेवकों से प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी का भाव रखने की अपील की गई। समापन समारोह में प्रधानाचार्या अंजु ने स्वयंसेवकों को हमेशा दूसरों की मदद करने और जीवन में सफलता हासिल करने के लिए कड़ी मेहनत करने की प्रेरणा दी। संवाद