संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। डीसी अपराजिता ने बताया कि बढ़ती ठंड के चलते शीत-घात से बचाव को लेकर जिला प्रशासन ने सरकार के निर्देशानुसार विशेष एडवाइजरी जारी की है। डीसी ने आम नागरिकों से शीतलहर व सर्दी से बचाव के लिए विशेष सावधानी बरतने की अपील भी की है। ठंड एवं शीतलहर से बचाव के लिए इन बातों की पालना जरूर करें। उन्होंने कहा कि शीत-घात से बचने के लिए मौसम पूर्वानुमान के लिए रेडियो/टीवी/समाचार पत्रों से मौसम संबंधित जानकारी लेते रहे। फ्लू, नाक बहना या नाक बंद जैसी विभिन्न बीमारियों की संभावना बनी रहती है। इसलिए स्थानीय स्वास्थ्य कर्मियों या डॉक्टर से परामर्श लें। ठंडी हवा, बारिश, बर्फ के संपर्क में आने से बचें। गर्म कपड़े पहनें। स्वास्थ्य वर्धक भोजन लें। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार पर्याप्त रोग प्रतिरोधक क्षमता बनाए रखने के लिए विटामिन सी से भरपूर फल और सब्जियां खाएं। उन्होंने बुजुर्गों, नवजात शिशुओं तथा बच्चों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी। जरूरत के अनुसार ही रूम हीटर का प्रयोग करें, लेकिन रूम हीटर के प्रयोग के दौरान पर्याप्त हवा निकासी का प्रबंध रखें। बंद कमरों में कोयले को जलाना खतरनाक हो सकता है। क्योंकि यह कार्बन मोनोऑक्साइड जैसी जहरीली गैस पैदा करती है।