संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। करनाल रोड स्थित जिला स्तरीय यूथ रेडक्राॅस विद्यार्थी प्रशिक्षण शिविर बुधवार को तीसरे दिन भी जारी रही। शिविर के तीसरे दिन आरकेएसडी काॅलेज कैथल के प्राचार्य डाॅ. संजय गोयल ने शिरकत की। प्राचार्य डाॅ. संजय गोयल ने अपने संबोधन में कहा कि स्वयं के स्वास्थ्य का ध्यान रखने के साथ-साथ हम सभी को दूसरों के स्वास्थ्य का भी ध्यान रखना चाहिए।
उन्होंने कहा कि हमारे अंदर ऐसी ऊर्जा होनी चाहिए जो शारीरिक एवं दिमागी तौर से स्वस्थ हो। कहा कि नशा समाज को खत्म कर रहा है और आज के युवाओं को नशे से दूर रहकर एक अच्छे समाज का निर्माण करना चाहिए। सचिव रामजी लाल ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया और इस पांच दिवसीय शिविर में आयोजित होने वाली गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि
रेडक्राॅस सोसायटी का कार्य जन-जन की सेवा एवं सहयोग करना है। हमें परिवार, समाज और राष्ट्र के प्रति ध्यान देने की जरूरत है।
उन्होंने बताया कि इस शिविर में जिले के 20 महाविद्यालयों से 100 विद्यार्थी और 20 यूथ रेडक्रॉस काउंसलर भाग ले रहे हैं। शिविर के तीसरे दिन प्रतिभागियों को योग से संबंधित जानकारी, मोबाइल के फायदे एवं दुष्परिणाम, वृद्घों की सेवा करना, जल बचाओ, एचआईवी एवं एड्स के बारे में विस्तृत रूप में जानकारी प्रदान की। जिला प्रशिक्षण अधिकारी डाॅ. बीरबल दलाल ने प्रतिभागियों को रेडक्रॉस की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर राजबीर सिह, ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर गढ़ी पाडला ने सड़क सुरक्षा बारे अपने विचार साझा किए। इस अवसर पर रामपाल, पवन कुमार आदि लोग उपस्थित रहे।