गांव खानपुर को खुले में शौचमुक्त बनाने के लिए पंचायत ने खुले में शौच जाने वाले ग्रामीण पर जुर्माने का प्रावधान किया है। पंचायत के फैसले के तहत खुले में शौच जाने वाले व्यक्ति या महिला पर 100 रुपये जुर्माना लिया जाएगा। जिन घरों में अब तक शौचालय नहीं है, उनके लिए गांव में चारों तरफ मुख्य मार्ग पर पांच स्थानों पर महिला एवं पुरुषों के लिए अलग-अलग 50 शौचालयों का भी निर्माण किया है। इन शौचालयों की प्रशंसा जिला प्रशासन एवं गांव में बाहर से आने वाले लोग भी कर रहे हैं। कोई ग्रामीण खुले में शौचालय न जाए व जुर्माने की सूचना बाकायदा गांव में मुनादी करवाकर दी गई है।
गांव के सरपंच रामनाथ सैनी ने कहा कि खुले में शौच जाने से जहां महिला-पुरुषों को अकसर शर्मिंदा होना पड़ता है। वहीं गंदगी व बीमारियां भी फैलती है। इसलिए पंचायत ने फैसला लिया है कि कोई भी ग्रामीण खुले में शौच न जाए। सरपंच ने कहा कि अगर गांव में और शौचालय बनवाने की जरूरत पड़ी तो पंचायत अवश्य बनवाएगी। पंचायत द्वारा इसके अलावा गांव में समय-समय पर सफाई अभियान भी चलाया जाता है। इस अभियान में पंच सदस्यों सहित स्वयं भी झाड़ू उठाकर सफाई करते हैं। सरपंच रामनाथ सैनी ने पंचायत सदस्यों के साथ गांव के सरकारी स्कूल के सामने सफाई की।