संवाद न्यूज एजेंसी
पूंडरी/ढांड/राजौंद (कैथल)। जिले के कई विद्यालयों में विद्यार्थियों को सूर्य नमस्कार करवाया गया। डीएवी काॅलेज पूंडरी में स्वामी विवेकानंद जयंती से महर्षि दयानंद सरस्वती जयंती तक कार्यक्रम की शुरुआत सोमवार को सूर्य नमस्कार अभियान से की गई। इस दौरान विद्यार्थियों ने 12 मुद्राओं के 13 सूर्य नमस्कार में बढ़-चढ कर भाग लिया।
यह कार्यक्रम एनएसएस और यूथ रेडक्रास सोसायटी ने सयुंक्त रूप से आयोजित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डाॅ. सुभाष तंवर ने की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा निर्देशित योग कार्यक्रम विद्यार्थियों के जीवन में महत्वपूर्ण सिद्ध हुआ है। परीक्षाओं के तनाव को कम करने में योग ही एकमात्र उपाय है। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डाॅ. वैभव दत्त शर्मा ने कहा कि योग से ध्यान लगाना और चिंतन करना व्यक्ति के जीवन में महत्वपूर्ण परिवर्तन लाता है।
कार्यक्रम अधिकारी डाॅ. विश्वजीत सिंह ने विद्यार्थियों को योग के महत्व के बारे में बताया और सभी विद्यार्थियों को सूर्य नमस्कार अभियान में बढ़-चढ कर भाग लेने का आह्वान किया, ताकि कार्यक्रम में सभी की भागीदारी सुनिश्चित हो सके। इस अवसर पर डाॅ. विकास कुमार, परमिंद्र कौर, डाॅ. सुमन, नेहा शर्मा, जाहनवी, अनिल कुमार, दीपक राणा व विकास कुमार उपस्थित रहे।
उधर, राजकीय उच्च विद्यालय जाजनपुर में अध्यापकों ने बच्चों को सूर्य नमस्कार करवाया। मुख्यध्यापक शिशपाल ने कहा कि हम बच्चों को योग से जुड़े रहने की प्रेरणा देते रहते है, ताकि बच्चों का शारीरिक एवं मानसिक विकास अच्छे से हो सके। प्रशिक्षण में शरीर को मजबूत बनाने सूक्ष्म व्यायाम एवं शरीर के सर्वांगीण विकास के लिए सूर्य नमस्कार का अभ्यास करवाया।
उन्होंने कहा कि बच्चों को नियमित 12 बार सूर्य नमस्कार का अभ्यास करवाने से बच्चों की हड्डियां, मांसपेशियां का विकास अच्छा होता है एवं पूरे शरीर को मजबूती मिलती है। विद्यालय के स्टाफ ने भी सुर्य नमस्कार किया। उन्होंने कहा कि सूर्य नमस्कार करने से तनाव से मुक्ति मिलती है और साथ ही साथ बच्चों में बुद्धि का विकास का होता है।
इसी प्रकार राजौंद के राजकीय महाविद्यालय में स्वामी विवेकानंद जयंती के उपलक्ष्य में योग क्लब के तहत छह दिवसीय सूर्य नमस्कार प्रशिक्षण सत्र का शुभारंभ किया। योग क्लब सदस्य रविंद्र कुमार हिंदी के दिशा निर्देश में ही प्रशिक्षण सत्र की रूपरेखा तैयार की गई।
प्रशिक्षण सत्र में महाविद्यालय के कर्मचारियों सहित 30 विद्यार्थियों ने भाग लिया। जिससे विद्यार्थी समाज में हर घर परिवार सूर्य नमस्कार की लौ जगाएंगे। कार्यक्रम की शुरआत में प्राचार्य डॉ. दीपक कुमार ने बताया कि हमें अपने जीवन में कम से कम 15 मिनट योगाभ्यास करना चाहिए। योग से मनुष्य का शारीरिक और मानसिक संतुलन बना रहता है इसीलिए योग सफल और सुखी जीवन का मूल मंत्र है।
कार्यक्रम के दौरान निशा ने योग प्रशिक्षक की भूमिका निभाई व दीपक ने प्रशिक्षण कार्यक्रम में सहयोग किया। इस दौरान कार्यक्रम में राममेहर, सुदेश, अशोक कुमार, प्रदीप, तरुण, प्रवीन व राजरानी सहित पूरा स्टाफ मौजूद था।