संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत सभी बच्चों को शिक्षा की डगर पर लाया जाएगा। हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद की ओर से जिले में शीतकालीन अवकाश के दौरान ड्रॉप आउट अभियान चलाया जा रहा है।
अभियान के तहत अब तक 200 से अधिक बच्चों का सर्वे कर लिया गया है। जबकि यह अभियान 15 जनवरी तक जारी रहेगा। करीब 800 विद्यार्थियों को दोबारा स्कूल लाया जाना है। इसको लेकर चार चरणों में सर्वे किया जा रहा है। पहले चरण का सर्वे स्कूल, फिर क्लस्टर, खंड और चौथे चरण में जिला स्तर पर सर्वे किया जाएगा। चारों चरणों में सर्वे दो-दो दिन चलेगा।
हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद ने इसको लेकर जिला शिक्षा अधिकारियों, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारियों व जिला परियोजना समन्वयक को पत्र जारी कर दिशा-निर्देश दिए हैं। एनईपी-2020 का उद्देश्य सभी बच्चों को स्कूली शिक्षा से जोड़ना है। उनकी पढ़ाई नियमित रूप से स्कूलों में उपस्थित होकर की जाए। स्कूल शिक्षा विभाग सभी बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए प्रयासरत है।
हालांकि अभी तक 100 फीसदी दाखिले के लक्ष्य को हासिल नहीं कर पाए हैं। बड़ी संख्या में बच्चे अब भी स्कूली शिक्षा से दूर हैं। शैक्षणिक वर्ष 2024-25 के लिए ऐसे बच्चों तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए ही शिक्षा विभाग ने सर्वे शुरू करवाने का निर्णय लिया है जिसको लेकर समय सीमा निर्धारित कर दी है।
डीपीसी हैं नोडल अधिकारी ः सर्वे को लेकर जिला परियोजना अधिकारी (डीपीसी) को जिले का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। खंड स्तर पर बीईओ नोडल अधिकारी रहेंगे। वे क्लस्टर और स्कूल प्रमुखों के साथ समन्वय करेंगे। विद्यालय
प्रमुख सभी शैक्षिक स्वयंसेवकों के साथ बैठक कर जरूरी निर्देश देंगे। सर्वे को सफल बनाने के लिए स्काउट्स, गाइड्स, एनएसएस स्वयंसेवक, शिक्षक, एसएमसी सदस्य, पंचायत सदस्य, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, ग्राम नंबरदार और उस क्षेत्र में कार्यरत गैर सरकारी संगठनों का सहयोग लिया जाएगा। स्कूल से बाहर के बच्चों के पाए जाने वाले स्थानों पर सर्वे किया जाएगा।
चार चरणों में ऐसे चलेगा सर्वे
nस्कूल स्तर ः एक से आठ जनवरी तक सर्वे में शिक्षा स्वयंसेवक अपने क्षेत्र में सर्वेक्षण करेंगे। स्कूल से बाहर रहने वाले बच्चों की सूची तैयार कर स्कूल प्रमुख को सौंपेंगे। स्कूल प्रमुख संकलित सूची क्लस्टर प्रमुख को देंगे।
nक्लस्टर स्तर ः नौ से 12 जनवरी तक सर्वे में क्लस्टर प्रमुख अपने क्षेत्र के स्कूलों की सूची संकलित करेंगे। ये सूचियां बीआरसी व खंड शिक्षा अधिकारियों को सौंपेंगे।
nखंड स्तर ः 13 से 15 जनवरी तक चलने वाले इस सर्वे में खंड प्रमुख अपने अंतर्गत आने वाले क्लस्टर स्कूलों की सूची संकलित कर डीपीसी को रिकॉर्ड सौंपेंगे।
nजिला स्तर ः 16-17 जनवरी तक चलने वाले इस सर्वे में डीपीसी सभी खंडों की सूची संकलित कर मुख्यालय भेजेंगे।
विभाग की ओर से ड्राॅप आउट विद्यार्थियों का सर्वे शुरू कर दिया है, यह 17 जनवरी तक चलेगा। इस दौरान ड्राॅप आउट विद्यार्थियों का डाटा तैयार करते हुए उन्हें स्कूल में लाने व शिक्षा दिलाने के प्रबंध किए जाएंगे। विभाग का लक्ष्य है कि कोई भी व्यक्ति निरक्षर न रहे। -सरोज दहिया, समन्वयक-जिला परियोजना