अनाज मंडी में उठान समस्या को देखते हुए हरियाणा के लोक निर्माण एवं उद्योग मंत्री रणदीप सिंह सुरजेवाला शनिवार को स्वयं नई अनाज मंडी में व्यापारियों की समस्याओं को लेकर उनका निवारण करवाने के लिए पहुंचे।
चुनाव में अपने व्यस्त शेड्यूल के बावजूद सुरजेवाला ने आढ़तियों की समस्याओं पर विचार-विमर्श किया और अधिकारियों की सहमति से समाधान का ऐलान किया। सुरजेवाला ने कहा कि अगले पांच दिन में मंडी में पड़े लगभग पांच से छह लाख कट्टों का उठान हो जाएगा।
अनाज मंडी के अंदर व मंडी के चारों तरफ बाहर पड़े गेहूं को बारी-बारी एक-एक दिन में उठाया जाएगा। अनाज मंडी के लक्ष्मीनारायण मंदिर में आढ़तियों की बैठक को संबोधित करते हुए सुरजेवाला ने कहा कि वे गेहूं के उठान के लिए किसी भी ट्रक चालक या रेहड़ा संचालक को एक रुपये भी रिश्वत का न दें। अनाज मंडी से अवैध वसूली नहीं होने दी जाएगी। गेहूं का उठान अगले पांच दिन में लगभग पूरा हो जाएगा।
इस अवसर पर आढ़तियों ने मंत्री रणदीप सुरजेवाला के समक्ष अनाज मंडी से उठान न होने, मंडी में कम पड़ रही जगह के बारे एवं उठान के दौरान कुछ लोगों द्वारा की जा रही प्रति कट्टा पांच से छह रुपये तक की वसूली संबंधी समस्याएं रखीं। साथ ही क्योड़क और अन्य खरीद केंद्रों से अडाणी ग्रुप के गोदाम में रिजेक्ट हुए गेहूं की खरीद करवाए जाने की मांग की। इसके अलावा आढ़तियों ने गोदामों में 320 कट्टों के पहुंचने पर रिकॉर्ड में 318 या 319 कट्टे नमी कट के नाम पर दिखाए जाने की भी शिकायत की।
जिस पर मंत्री ने इस मौके पर उनके साथ खाद्य आपूर्ति विभाग हरियाणा के अतिरिक्त निदेशक अश्वनी गौड़, एसडीएम नर हरि सिंह बांगड़, डीएसपी रविंद्र तौमर सहित सभी खरीद एजेंसियों के अधिकारी एलएम नरूला, वीपी मलिक के साथ विचार विमर्श कर समस्याओं के समाधान का ऐलान किया।
व्यापारी भी अनुशासन का परिचय दें
सुरजेवाला ने कहा कि व्यापारी अनुशासन में रहते हुए अपनी गेेहूं के त्वरित लदान के लिए ट्रैक्टर-ट्राली मालिकों को किसी भी प्रकार का प्रलोभन न दें और प्रशासन द्वारा गेहूं के नियमित उठान का इंतजार करें। यह समूची प्रक्रिया केवल चार या पांच दिन की है।
उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष ट्रकों से लदान में आ रही समस्याओं का निदान करते हुए इस वर्ष ट्रैक्टर-ट्रालियों से उठान का प्रावधान किया गया और उन्हें परमिट दिए गए। इस अवसर पर खाद्य आपूर्ति विभाग हरियाणा के अतिरिक्त निदेशक अश्वनी गौड़, एसडीएम नर हरि सिंह बांगड़, जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक सुरेंद्र सैनी, मंडी प्रधान सुरेश मित्तल, सुदीप सुरजेवाला, कविराज शर्मा, रामनिवास मित्तल, डा. श्याम साहनी, धर्मपाल जिंदल, बसंत जैन के अतिरिक्त हरियाणा एग्रो के डीएम ललित नरुला और अन्य मौजूद रहे।
नए निर्देश जारी किए
1. अब एक दिन अनाज मंडी के बाहर से तो एक दिन मंडी के अंदर से होगा उठान।
2. कोई आढ़ती किसी को पहले उठवाने के लिए रिश्वत नहीं देगा।
3. कैथल के एसडीएम नर हरि सिंह बांगड़ हर रोज मंडी का दौरा करेंगे।
4. भारत सरकार को नमी की मात्रा 12 प्रतिशत से बढ़ाकर 14 प्रतिशत तक करने की सिफारिश भिजवाई गई है, जिसके लिए वह स्वयं केंद्र्रीय खाद्य मंत्री से बात करेंगे।
5. कोई ट्रक चालक या रेहड़ा संचालक रिश्वत मांगेगा तो उसकी शिकायत दें।