संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। बीते दिन अल सुबह बारिश होने और दिनभर धूप न निकलने के बाद मंगलवार सुबह मौसम साफ हो गया है। सुबह से ही अच्छी धूप निकली और दिनभर मौसम बिल्कुल साफ रहा। बारिश के चलते दो दिन से बढ़ी सर्दी से धूप खिलने से राहत मिली। धूप खिलने से पार्कों में भी रौनक बढ़ गई। बुजुर्ग व युवाओं ने पार्क में बैठक धूप का लुत्फ उठाया। धूप निकलने से तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है। अधिकतम तापमान 18 व न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग की मानें तो आगामी सप्ताह तक सुबह शाम हल्का कोहरा होने की संभावना जताई जा रही है।
गौरतलब है कि बीते तीन दिन से बारिश के चलते ठंड का प्रभाव बढ़ गया था। जो मंगलवार को धूप खिलने के बाद सर्दी से राहत मिली है। किसान गुरदयाल, रिंकू, राजेश रहेजा सीवन ने कहा कि इस सीजन की पहली अच्छी धूप खिली है। अब तक जमीन में 90 प्रतिशत नमी थी। जिस कारण से अब तक फरवरी में होने वाल सब्जियों की बिजाई नहीं हुई है। यदि एक सप्ताह तक निंरतर धूप निकली तो जमीन में गलन की मात्रा कम हो जाएगी और किसान जल्द से अपनी सब्जियों की बिजाई कर सकेंगे।
धूप खिलने से ठंड से मिली राहत
राजौंद। नगर में मंगलवार को धूप खिलने से लोगों को ठंड से राहत मिली। हालांकि रात से सुबह सात बजे तक भी घना कोहरा था, लेकिन करीब आठ बजे अचानक कोहरा हट गया और धूप खिली। पिछले दो दिन से पढ़ रही अधिक ठंड से लोगों को निजात मिली। मौसम विभाग के अनुसार अब आगामी एक सप्ताह तक मौसम साफ रहने की संभावना है। इस मौसम सब्जी की फसलों को भी काफी फायदा होगा। पिछले दो दिन पहले बारिश व अधिक ठंड के कारण सब्जी की फसल को काफी नुकसान का अनुमान है। संवाद
सात फरवरी को सुबह के समय धुंध रहने और बाद में मौसम साफ होने की संभावना है। आठ से 10 फरवरी तक आमतौर पर मौसम साफ बना रहेगा। 11 फरवरी को आसमान में आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है। इसके साथ ही तापमान में बढ़ोतरी होती रहेगी। -डॉ. रमेश वर्मा, कैथल कृषि विज्ञान केंद्र के मुख्य समन्वयक।