कैथल। शहर के अंबाला रोड पर रिलायंस स्टोर के स्टोर प्रबंधक ने अपने से जूनियर कर्मचारी पर डेढ़ लाख रुपये चुराने और स्टोर से लाखों रुपये का सामान खुर्द-बुर्द करने का आरोप लगाया है। शहर थाना की पुलिस ने स्टोर प्रबंधक की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में जिला बहादुरगढ़ निवासी रविंद्र धनखड़ ने बताया कि वह शहर के अंबाला रोड स्थित रिलायंस सुपर स्टोर में स्टोर प्रबंधक के पद पर कार्यरत है। उसके स्टोर में कई कर्मी काम करते हैं। वह 28 जनवरी को अपने घर चला गया था और 31 जनवरी वापस स्टोर पर आया था। उसने स्टोर के कैश व स्टाॅक की जांच की तो करीब डेढ़ लाख रुपये कम मिले।
रविंद्र धनखड़ ने बताया कि करीब तीन लाख रुपये का सामान भी कम मिला। उसकी गैरमौजूदगी में स्टोर कि पूरी जिम्मेदारी प्रमिल कुमार की थी। उसने शक जताते हुए कहा कि नकदी और सामान प्रमिल ने ही चोरी की है। शहर थाना के प्रभारी बीर सिंह ने बताया कि स्टोर प्रबंधक की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। संवाद