संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद पंचकूला की ओर से जिले के मेधावी विद्यार्थियों के लिए 17 से 23 नवंबर तक हिमाचल प्रदेश के मनाली में साहसिक शिविर लगाया जा रहा है। इसमें जिले के 100 विद्यार्थी हिस्सा लेंगे।
यह जानकारी जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सरोज कुमारी ने दी। उन्होंने बताया कि जिले के कक्षा छह से आठ के 50 विद्यार्थी, जिनमें 25 लड़के और 25 लड़कियां शामिल रहेंगे। इसी प्रकार कक्षा नौ से 12 के भी 50 विद्यार्थी, जिनमें 25 लड़के और 25 लड़कियां शामिल रहेंगे। उन्होंने बताया कि इन सभी विद्यार्थियों का चयन पोर्टल से किया गया है।
उन्होंने बताया कि मनाली शिविर के लिए संस्कृत मॉडल, आरोही मॉडल स्कूल तथा अन्य स्कूलों के छात्रों को शामिल किया जाएगा इस शिविर में पीएमश्री और के कस्तूरबा गांधी विद्यालयों के विद्यार्थी शिविर में भाग नहीं ले सकेंगे।
जिला सहायक परियोजना संयोजक कुशल कुमार ने बताया कि इस साहसिक सेवा में भाग लेने वाले विद्यार्थी को ट्रैकिंग जिपलाइन रॉक क्लाइंबिंग वाली क्रॉसिंग रेयर क्रॉसिंग, रैंपलिंग राइफल शूटिंग, पिस्टल शूटिंग, तीरंदाजी जैसी साहसिक गतिविधियों से परिचित कराया जाएगा। इसके साथ ही वह हिमाचल की संस्कृति और पर्यावरण के अध्ययन जीवन रक्षा कौशल और संस्कृत प्रतियोगिताओं में भी भाग लेंगे।
यूथ एवं इको क्लब जिला कोऑर्डिनेटर अंजू शर्मा और अरुण कुमार ने बताया कि 17 नवंबर रविवार को अल सुबह तीन बजे सभी चयनित विद्यार्थी कैथल से रवाना होंगे। उन्हें अधिकारियों की ओर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा।