गुहला-चीका। कुरुक्षेत्र के छठी पातशाही गुरुद्वारा में पंजाबी भाषा के प्रसार के लिए पंजाबी अध्यापक व भाषा प्रचार प्रसार समिति और हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से राज्य स्तरीय सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में सरकारी स्कूलों में पंजाबी विषय पढ़ने वाले अव्वल विद्यार्थियों को सम्मानित किया।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दाबा के पंजाबी प्रवक्ता हरजिंद्र सिंह ने बताया कि ये कार्यक्रम पंजाबी भाषा के प्रचार के लिए आयोजित किया गया था। इसमें विभिन्न विद्यालयों से अध्यापकों व विद्यार्थियों ने भाग लिया। वहीं दाबा स्कूल से करीब 20 विद्यार्थियों व उनके अभिभावकों ने भाग लिया। उन्होंने सरकार से मांग की कि पंजाबी भाषा को तीसरी कक्षा से ही लागू किया जाए। प्रसार समिति के संरक्षक सरदार पूर्ण सिंह ने बताया कि इस कार्यक्रम से हरियाणा में पंजाबी भाषा पढ़ने वाले विद्यार्थियों में उत्साह का संचार होगा।