कैथल। आईटीआई में दाखिला लेने से वंचित रहे विद्यार्थियों को कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग ने एक ओर मौका दिया है। कैथल की राजकीय आईटीआई में 100 प्रतिशत तक दाखिले हो चुके हैं। अब रिक्त सीटों पर युवा 31 अगस्त तक दाखिला ले सकेंगे। ऐसे में निजी आइटीआई संचालकों के चेहरे खिले नजर आ रहे हैं।
जानकारी के अनुसार इससे पूर्व विभाग ने 23 अगस्त तक की तिथि निर्धारित की थी। इस अवधि के दौरान प्रदेश के राजकीय आईटीआई में अधिकतर सीटें भरी जा चुकी हैं लेकिन प्राइवेट आईटीआई में भी अभी भी सीट खाली पडी थीं। ऐसे में प्राइवेट आईटीआई संचालकों की चिंता बढ़ गई थी। जानकारों का कहना है कि निदेशालय की ओर से नया दाखिला शेड्यूल जारी किए जाने से निजी आईटीआई में रिक्त पडी सीटों का सदुपयोग हो सकेगा। बता दें कि जिले में 19 आईटीआई हैं। इसमें 10 निजी तो नौ सरकारी निजी आईटीआई शामिल हैं। राजकीय आईटीआई कैथल ने पाया 100 प्रतिशत का आंकड़ा-
ऑनलाइन आवेदन में प्रदेश में टॉप रहे राजकीय आईटीआई कैथल ने दाखिले में शत प्रतिशत का आंकड़ा पा लिया है। इस बार निदेशालय ने संस्थान में 1220 सीट जारी की गई थी जिनमें से 1220 सीटों पर ही दाखिला हो चुका है।
31 अगस्त तक बढ़ाई थी तिथि- सतीश मच्छाल
आईटीआई के जिला नोडल अधिकारी सतीश मच्छाल ने बताया कि निदेशालय ने आईटीआई में दाखिले की तिथि को 31 अगस्त तक बढ़ाया है। यह युवाओं के लिए अंतिम मौका है। परंतु राजकीय आईटीआई में 100 प्रतिशत तक दाखिले हो चुके हैं। हालांकि अभी निजी आईटीआई में खाली रही सीटों पर वंचित विद्यार्थी दाखिला ले सकते हैं।