कैथल। अमृत 2.0 के तहत जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग कैथल व जल एवं स्वच्छता सहायक संगठन की ओर से ज्ञानदीप सीनियर सेकेंडरी स्कूल राजौंद में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान जल व पर्यावरण संरक्षण पर चित्रकला प्रतियोगिता करवाई गई। इसमें जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के वासो के जिला सलाहकार दीपक कुमार ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और अध्यक्षता स्कूल के एमडी कुलदीप शर्मा ने की। दीपक कुमार ने विद्यार्थियों को जल संरक्षण के लिए प्रेरित किया। इस दौरान प्रतियोगिता में नौवीं कक्षा की छात्रा पायल ने प्रथम, सातवीं की पलक ने द्वितीय व नौवीं कक्षा नोबेशिका ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
जिला सलाहकार दीपक कुमार ने बताया कि अमृत 2.0 विस्तारित नाम अटल नवीनीकरण और शहरी परिवर्तन मिशन है। इसके तहत शहरवासियों को हर घर नल से जल व सीवरेज व्यवस्था उपलब्ध करवाना है। इसके अलावा उन्होंने पानी की गुणवत्ता के साथ-साथ प्रदेश व देश में जल की स्थिति के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को जल संरक्षण की दिशा में अपने योगदान देने के लिए प्रेरित किया। वहीं कार्यक्रम की कोऑर्डिनेटर अध्यापिका शिल्पा ने एक रंगोली बनाकर जल संरक्षण का संदेश दिया। इस मौके पर बीआरसी विष्णु शर्मा और स्कूल के प्रधानाचार्य सतपाल सिंह मौजूद रहे।