कैथल। जिले की अनाज मंडियों में बारीक धान की आवक अब तेज हो रही है। बासमती, 1121, 1718, मुच्छल धान लेकर किसान आ रहे हैं। इन दिनों मंडियों में बासमती के भाव 5900 से 6000 रुपये प्रति क्विंटल तक मिल रहे हैं। वहीं, 1121 के भाव चार हजार से 4100 रुपये प्रति क्विंटल तक हैं। बासमती धान के भाव पिछले साल 6500 रुपये प्रति क्विंटल तक मिले थे। इस बार शुरूआत में भाव कम मिलने से किसान मायूस हैं। वहीं न्यूनतम समर्थन मूल्य पर आठ लाख 30 हजार 276 मीट्रिक टन (एमटी) धान की खरीद हो चुकी है। हालांकि इस बार भी भाव में तेजी आने की उम्मीद किसानों का है। वहीं, 1121 के भाव भी पिछले साल की अपेक्षा 200 से 300 रुपये प्रति क्विंटल तक कम मिल रहे हैं। पिछले साल 4400 रुपये प्रति क्विंटल तक 121 के भाव मिले थे। हालांकि पूंडरी की अनाज मंडी में बासमती 5260 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से बिकी।
बुधवार को मुच्छल के भाव 3300 रुपये प्रति क्विंटल तक मिले हैं। दूसरी तरफ 1718 किस्म की हाथ की कटाई वाले धान के भाव में कम मिल रहे हैं। भाव तीन हजार 700 रुपये तो कंबाइन की कटाई वाले धान के भाव 3200 से 3300 रुपये प्रति क्विंटल तक मिल रहे हैं।
नई अनाज मंडी में धान लेकर आए किसान कुलदीप, महेंद्र, सतनाम ने बताया कि बारीक धान की आवक मंडियों में हो रही है। अब पुरानी व अतिरिक्त अनाज मंडी में आवक कम होने लगी है। नई अनाज मंडी में आवक चल रही है। गेहूं व सरसों की बिजाई का सीजन शुरू होने के कारण आवक में कुछ कमी आई है। 15 नवंबर के बाद आवक तेज होने की उम्मीद है।
अब तक हुई आठ लाख 30 हजार 276 मीट्रिक टन धान की खरीद : डीएफएससी
कैथल। जिला की विभिन्न मंडियों में खरीद एजेंसियों की ओर से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर आठ लाख 30 हजार 276 मीट्रिक टन (एमटी) धान की खरीद की जा चुकी है। यह जानकारी जिला खाद्य एवं पूर्ति नियंत्रक निशांत राठी ने दी है। बताया कि कुल आवक में से खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने चार लाख 36 हजार 198 एमटी, हैफेड ने दो लाख 12 हजार 320 एमटी व हरियाणा वेयर हाउसिंग कॉरपोरेशन की ओर से एक लाख 80 हजार 803 एमटी धान की खरीदी गई है। इसके साथ ही आठ लाख 13 हजार 312 एमटी धान का उठान भी किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि पांच नवंबर तक अरनोली मंडी में 11308 एमटी, बाबा लदाना मंडी में 4075 एमटी, भागल मंडी में 4029 एमटी, ढांड एक लाख 35 हजार 59 एमटी, गुहला चीका में 3 लाख 6 हजार 267 एमटी, पुरानी अनाज मंडी कैथल में 10 हजार 581, नई अनाज मंडी कैथल में 84 हजार 797 एमटी, अतिरिक्त नई अनाज मंडी में 80 हजार 556 एमटी, कलायत मंडी में 15 हजार 195 एमटी, कौल में 12 हजार 379 एमटी, पाई मंडी में 12 हजार 479 एमटी, पूंडरी में 75 हजार 356 एमटी, राजौंद में 13 हजार 212 एमटी, रामथली में 37 हजार 660 एमटी, सीवन मंडी में 27 हजार 323 एमटी धान की खरीद दर्ज की गई।